महाकुंभ में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ अब वहां के स्थानीय लोगों के लिए परेशानियां पैदा कर रही है। मीलों तक जाम लगा रहा है। रेलवे स्टेशन हो या पैदल मार्ग हर जगह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आ रही है। अचानक से इतनी भीड़ उमड़ी है, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस-प्रशासन की हालत खराब हो गई है।

उत्तर प्रदेश के DGP (लॉ एंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार ने कहा है कि लोगों को नियंत्रित करना, किसी भी प्रशासन के लिए अब तक की सबसे बड़ी चुनौती है। इतनी भीड़ कहीं भी नहीं आई थी। प्रशासन और पुलिस बल दोनों के लिए यह चुनौती बनी हुई है।

प्रशांत कुमार ने कहा, 'महाकुंभ 2025 इतिहास के सबसे बड़े श्रद्धालु समागम का गवाह बन रहा है। अब तक 40 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में पुण्य स्नान कर चुके हैं और हर दिन लाखों की संख्या में लोग प्रयागराज आ रहे हैं। 

यह भी पढ़ें: जनगणना में 4 साल की देरी, संसद में क्यों आया सोनिया गांधी को गुस्सा?

भीड़ की चुनौतियों पर क्या कह रही पुलिस?
DGP प्रशांत कुमार ने कहा, 'श्रद्धालु लगातार बड़ी संख्या में आ रहे हैं, गाड़ियों को और उन्हें नियंत्रित करना किसी भी प्रशासन या पुलिस बल के लिए अब तक की सबसे कठिन चुनौती है।'

भीड़ नियंत्रित करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स तैनात की गई है। (Photo Credit: PTI)



DGP ने कहा, 'प्रयागराज में जो भी संसाधन हैं, वे अधिकतम क्षमता से आगे बढ़कर काम कर रहे हैं। ट्रैफिक जाम स्वाभाविक है। यह किसी की प्रशासनिक असफलता नहीं है, बल्कि तीर्थयात्रियों की असाधारण संख्या का नतीजा है।'

यह भी पढ़ें: AAP और केजरीवाल के हाथ से MCD भी जाएगी? समझिए कैसे पलट गया पूरा मामला

पैदल यात्रियों के लिए भी मुश्किल हुई प्रयागराज की राह। (Photo Credit: PTI)



DGP प्रशांत कुमार ने कहा, 'उत्तर प्रदेश पुलिस के हर सिपाही से लेकर सीनियर अधिकारियों तक, सभी दिन-रात अथक परिश्रम कर रहे हैं। वे श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन दे रहे हैं, सुरक्षा तय कर रहे हैं और शहर को सुव्यवस्थित बनाए रखने में अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं।'

प्रयागराज से अयोध्या तक भीड़
महाकुंभ में श्रद्धालुओं की वजह से अयोध्या भी प्रभावित है। लखनऊ, सुल्तानपुर, रायबरेली, गोरखपुर, अंबेडकर नगर और आजमगढ़ जिलों से अयोध्या की ओर जाने वाली सभी सड़कें बंद हैं।
 
जाम में फंसी रह रही हैं गाड़ियां
महाकुंभ में इतना भीषण जाम लगा है कि गाड़ियां 7-7 घंटे तक जाम में फंस जा रही हैं। लोगों को 8 से 10 किलोमीटर पैदल चना पड़ा रहा है। मध्य प्रदेश रूट से आने वाले श्रद्धालुओं को पुलिस निर्देश दे रही है कि कुंभ की ओर न जाएं, जाम है। यही हाल प्रयागराज में भी है।