देश के कई राज्यों में आज यानी 16 नवंबर को मौसम बिगड़ सकता है। एक ओर बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। वहीं दूसरी ओर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव आज चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में इसके 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। इसके बाद यह आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें: अमेरिका में कॉपर वायर की वजह से ठप हुई उड़ानें, उसे कैसे ठीक करेगा FAA?
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, 16 नवंबर को पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी छिटपुट स्थानों पर बारिश होने हो सकती है। वहीं दक्षिण भारत के केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है। चक्रवात के असर से आने वाले दिनों में तटीय इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, पूर्वोत्तर के इन राज्यों में भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, आज के लिए भारी बारिश या तेज आंधी का कोई विशेष अलर्ट सामने नहीं आया है।
यूपी, पंजाब और हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम?
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में दिख सकता है। इससे तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने की संभावना है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में आज पश्चिमी हिस्सों के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
इसके साथ ही घने कोहरे का असर भी देखने को मिलेगा। IMD ने 15 से 17 नवंबर तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी दी है। वहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी 15 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं। मौसम में बदलाव के चलते इन इलाकों में ठंड का असर बढ़ सकता है।
दिल्ली में आज मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली में 16 नवंबर को सुबह हल्की धुंध और कोहरा छाया रह सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। फिलहाल बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं है। वहीं, 17 नवंबर को भी सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा देखने को मिल सकता है।
