कांग्रेस ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक की बड़ी रैली बुलाई है। रैली दोपहर करीब 12 बजे शुरू होगी। रैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनाव सुधार की मांग उठाई जाएगी। रैली में हजारों लोगों के जुटने की उम्मीद है।

कांग्रेस नेताओं का दावा है कि रैली में 10 लाख लोग आ सकते हैं। INDIA गठबंधन के कई बड़े नेताओं ने शामिल होने की बात कही है। कॉकरोच जनता पार्टी ने भी रैली को समर्थन देने का एलान किया है। यह रैली वोटर लिस्ट के लिए चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के खिलाफ भी हो रही है।

SIR के तहत देशभर में मतदाता सूची के मसौदे से 13 करोड़ नाम हटाए गए हैं। चुनाव आयोग का कहना है कि इसका मकसद सूची को अपडेट करना है। इसके लिए उन लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं, जिनकी मौत हो चुकी है या जो अपने पते से कहीं और चले गए हैं।

रामलीला मैदान में दिनभर क्या-क्या हो रहा है, हम हर खबर आप तक पहुंचा रहे हैं। 

पढ़ें लाइव अपडेट-

9:06 am

रामलीला मैदान के बाहर दिख रहे राहुल गांधी और खड़गे के पोस्टर

कांग्रेस नेताओं के बड़े-बड़े कटाउट लगाए गए हैं। 

9:03 am

रामलीला मैदान छावनी में बदला

रामलीला मैदान पर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है। बड़ी संख्या में लोग अब जुटने शुरू हुए हैं। 

9:02 am

दिल्ली पुलिस तैयारियों पर क्या कह रही है?

सेंट्रल दिल्ली के DCP रोहित राजबीर सिंह ने रैली पर कहा, 'इस रैली में हिस्सा लेने के लिए लोग आने लगे हैं। हमारी व्यवस्था बहुत दुरूस्त है, जिस रूट पर मार्च किया जाएगा, वहां भी हमने सुरक्षा तैनात की है। हमने इस पूरे इलाके को 200-250 CCTV कैमरों से कवर किया है और हम पूरे इलाके की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।'

8:00 am

4 हजार पुलिसकर्मी तैनात, चप्पे-चप्पे पर ड्रोन 

दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। INDIA गठबंधन के नेताओं ने रैली में 10 लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया है, जबकि दिल्ली पुलिस को करीब 50 हजार लोगों के आने की उम्मीद है। सुरक्षा के लिए 4,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मैदान में 200 से ज्यादा CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा ड्रोन और पुलिसकर्मियों के शरीर पर लगे कैमरों से भी निगरानी की जाएगी।

8:01 am

14 जोन में बंटा रामलीला मैदान, ACP संभालेंगे कमान

रामलीला मैदान को सुरक्षा के लिहाज से 14 जोन में बांटा गया है। हर जोन की जिम्मेदारी एक सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) स्तर के अधिकारी को दी गई है। मैदान में खाली होने पर करीब 45 से 50 हजार लोगों के खड़े होने की क्षमता है, लेकिन कुर्सियां, बैरिकेडिंग और आने-जाने के रास्ते बनाए जाने के बाद यहां लगभग 30 से 40 हजार लोग ही आ सकेंगे। भीड़ बढ़ने पर मैदान के बाहर अतिरिक्त जगह का इस्तेमाल किया जाएगा।

7:25 am

दिल्ली के रामलीला मैदान में तैयारी कैसी है?

दिल्ली का रामलीला मैदान रैली के लिए तैयार है। मैदान से पानी हटाया जा चुका है।

6:51 am

10 अक्टूबर से बड़ी रैली है?

10 अक्टूबर को CJP के प्रदर्शनों को रोकने के लिए हजारों सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। शहर के बड़े हिस्से बंद कर दिए गए थे। CJP के सभी शीर्ष नेताओं को हिरासत में लिया गया था। CJP ने INDIA गठबंधन की रैली का खुलकर समर्थन किया है।

6:52 am

इस रैली से दिक्कत किसको है?

रामलीला मैदान से एक किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित चांदनी चौक बाजार के व्यापारी रैली को लेकर बंटे हुए हैं। इस हफ्ते की शुरुआत में कुछ व्यापारियों ने कहा कि दिवाली से ठीक एक हफ्ते पहले होने वाली इस रैली से त्योहारी सीजन में कारोबार पर असर पड़ सकता है। व्यापारियों के दूसरे समूह ने राहुल गांधी की रैली का समर्थन किया। इस समूह ने गुरुवार को बाजार में BJP के मार्च निकालने की आलोचना की और कहा कि इससे त्योहारी सीजन में ज्यादा परेशानी हुई। गुरुवार को BJP नेताओं ने चांदनी चौक बाजार में मार्च निकाला था।

6:50 am

पिछला प्रदर्शन कैसा रहा था?

पिछले महीने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली के कनॉट प्लेस से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला था। इसमें दसियों हजार लोग शामिल हुए थे। कांग्रेस का कहा है कि वह मार्च सिर्फ ट्रेलर था और रविवार की रैली उससे कई गुना बड़ी होगी। इससे पहले 12 अक्टूबर को भी कांग्रेस ने दिल्ली में रैली की थी, जिसमें हजारों लोग जुटे थे।

राहुल गांधी ने कहा कि यह प्रदर्शन 'भारतीय लोकतंत्र को ढहाने' के खिलाफ है। उनके मुताबिक रैली में सभी विपक्षी दलों के साथ राजनीतिक और गैर-राजनीतिक, हर कोई आ सकता है। उन्होंने कहा कि लोगों में भारी गुस्सा है, क्योंकि करोड़ों लोग मताधिकार से वंचित किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे संविधान और वोट के अधिकार की रक्षा के लिए साथ खड़े हैं।

6:51 am

पुलिस की शर्तें और सुरक्षा इंतजाम क्या हैं?

दिल्ली पुलिस ने रैली की इजाजत दी है, लेकिन कुछ शर्तें भी लगाई हैं। रैली शाम 5 बजे तक खत्म करनी होगी। स्थल पर CCTV कैमरे लगाने होंगे और तय स्थान से बाहर कोई मार्च नहीं निकलेगा। शहर में, खासकर रामलीला मैदान जाने वाले रास्तों पर, हजारों पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। विपक्ष का आरोप है कि सरकार लोगों को दिल्ली आने से रोकने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी ने X पर लिखा कि लोग पुलिस और लाठियों की चिंता न करें और बड़ी संख्या में पहुंचें। हाल के प्रदर्शनों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर चिंता भी जताई जा रही है।

6:48 am

SIR पर क्यों है विवाद?

SIR के तहत देशभर में मतदाता सूची के मसौदे से 13 करोड़ नाम हटाए गए हैं। चुनाव आयोग का कहना है कि इसका मकसद सूची को अपडेट करना है। इसके लिए उन लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं, जिनकी मौत हो चुकी है या जो अपने पते से कहीं और चले गए हैं। विपक्षी दलों का आरोप है कि इस प्रक्रिया में पात्र मतदाताओं के नाम भी कट सकते हैं। उनका कहना है कि इससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की BJP को फायदा हो सकता है। विपक्ष ने CEC और BJP पर 'वोट चोरी' का आरोप लगाया है। BJP और चुनाव आयोग दोनों ने इन आरोपों से इनकार किया है।

6:49 am

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ गुस्सा क्यों है?

सितंबर में द इंडियन एक्सप्रेस अखबार की एक जांच रिपोर्ट के बाद विवाद और बढ़ गया। रिपोर्ट के मुताबिक CEC ज्ञानेश कुमार ने इस प्रक्रिया से जुड़े अहम फैसले दो अन्य चुनाव आयुक्तों की सहमति के बिना लिए। इन दोनों आयुक्तों ने एक दर्जन से ज्यादा बार आपत्ति जताई थी। चुनाव आयोग ने कहा कि किसी भी संस्था में मतभेद सामान्य बात है और इससे उसके कामकाज पर असर नहीं पड़ता।