दिल्ली नगर निगम (MCD) में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने शाहदरा नॉर्थ जोन के डिप्टी कमिश्नर लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक कुमार मिश्रा को गिरफ्तार किया है। सीबीआई के अधिकारियों ने बतााय कि डिप्टी कमिश्नर लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक कुमार मिश्रा 4 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है।
जानकारी के अनुसार, डिप्टी कमिश्नर अभिषेक कुमार मिश्रा ने किसी काम को करने के बदले 4 लाख रुपये की मांग की थी। इस बात की जानकारी सीबीआई को लग गई थी। बताया जा रहा है कि सीबीआई को लिखित रूप में अधिकारी के रिश्वत लेने की शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। इसके बाद सीबीआई ने जाल बिछाकर अधिकारी को रंगे हाथों रिश्वत लेते पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें: बिहार: नालंदा के शीतला माता मंदिर में मची भगदड़, 8 महिलाओं की मौत
रंगे हाथों पकड़ा गया अधिकारी
सीबीआई को शिकायत मिली थी कि अधिकारी रिश्वत की मांग कर रहे हैं। इस इनपुट के आधार पर एजेंसी ने ट्रैप ऑपरेशन चलाया ताकि अधिकारी को रंगे हाथों पकड़ा जा सके। बताया जा रहा है कि सीबीआई ने अभिषेक मिश्रा को रंगे हाथों पकड़ भी लिया। इस कार्रवाई से पहले सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन ने पर्याप्त सबूत जुटाए, जिसके बाद गिरफ्तारी की गई।
आरोपी से पूछताछ जारी
इस मामले में अब आरोपी डिप्टी कमिश्नर लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक कुमार मिश्रा से पूछताछ जारी है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद मिश्रा से पूछताछ जारी है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। सीबीआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में कोई और अधिकारी या बड़ा भ्रष्टाचार नेटवर्क शामिल तो नहीं है।
यह भी पढ़ें: केरल में इस बार किन मुद्दों पर चुनाव लड़ रहे हैं LDF, UDF और NDA?
MCD में हड़कंप
बता दें कि दिल्ली नगर निगम दुनिया के सबसे बड़े शहरी निकायों में से एक है, जो दिल्ली के लगभग 96 प्रतिशत एरिया को कवर करता है। दिल्ली नगर निगम के अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद महकमे में हड़कंप सा मच गया है। अभी इस मामले की जांच चल रही है और अगर इस मामले में अन्य अधिकारी या कर्मचारी शामिल हुए तो उनके लिए भी मुश्किल खड़ी हो सकती है।
