त्योहारी सीजन में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की बड़े पैमाने पर तैनाती की गई है।
उत्तर रेलवे ने इस दौरान कुल 2040 RPF जवान तैनात किए हैं। इनमें 1300 जवान अतिरिक्त लगाए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए नई दिल्ली, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन और पुरानी दिल्ली स्टेशनों पर अतिरिक्त बल लगाया गया है।
यात्रियों की मदद के लिए 24 घंटे ड्यूटी पर रहेंगे जवान
RPF के जवान स्टेशनों पर 24 घंटे ड्यूटी पर रहेंगे, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके और यात्रियों को तुरंत मदद मिल सके। इसके लिए जवानों की ड्यूटी का समय भी बढ़ाया गया है।
उत्तर रेलवे के CPRO हिमांशु शेखर उपाध्याय ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत ड्यूटी पर मौजूद RPF जवानों को दें।
दीपावली और छठ पूजा के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ है। यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे ने फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। साथ ही कुछ ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे और एक्स्ट्रा कोच भी लगाए गए हैं।
यह भी पढ़ें: सावधान! रात में फोन-लैपटॉप चार्ज किया तो खैर नहीं, रेलवे ने दिया आदेश
हाई-टेक निगरानी और होल्डिंग एरिया की व्यवस्था
स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए आधुनिक तकनीक और बुनियादी सुविधाओं का भी सहारा लिया जा रहा है। स्टेशन परिसरों और प्लेटफॉर्मों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है, जिसके लिए एक विशेष कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया है।
प्लेटफॉर्म पर अचानक भीड़ का दबाव रोकने के लिए स्टेशन के बाहर विशाल 'पैसेंजर होल्डिंग एरिया' बनाए गए हैं। इन क्षेत्रों में यात्रियों के लिए बैठने, पीने के पानी, मोबाइल टॉयलेट और खान-पान के पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। यात्रियों से अपील की जा रही है कि वे लाइन में लगकर अपने प्लेटफॉर्म तक पहुंचें।
यह भी पढ़ें: रेलवे ने 45 ट्रेनों की टाइमिंग बदली, रूट-स्टेशन में भी बदलाव; देखें पूरी लिस्ट
अनधिकृत प्रवेश पर रोक और सहायता डेस्क
अवैध वेंडरों, दलालों और बिना टिकट यात्रियों के प्रवेश पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर और बैगेज स्कैनर के साथ गहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रमुख स्टेशनों पर 'मे आई हेल्प यू' बूथ और विशेष हेल्पडेस्क स्थापित किए गए हैं, जहां रेलकर्मी लाउडस्पीकर के माध्यम से स्पेशल ट्रेनों के प्लेटफॉर्म नंबर और समय की लगातार घोषणा कर रहे हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्टेशनों पर प्राथमिक चिकित्सा दल और एम्बुलेंस को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है।
