सुप्रीम कोर्ट के जज रहे संजय किशन कौल इन दिनों अपनी किताब को लेकर चर्चा में हैं। इसी किताब में उन्होंने पूर्व चीफ जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ के बारे में लिखा था कि वह मोदी सरकार की सहमति से काम करते थे। अब एक इंटरव्यू में संजय किशन कौल ने डी वाई चंद्रचूड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , संभावित Gay जज और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को लेकर बात की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में कहा है कि वह एक अच्छे श्रोता हैं। 'Without Fear or Favour' किताब लिखने वाले संजय किशन कौल ने हाल ही में राहुल गांधी के सुप्रीम जाने पर कहा है कि जिस दिन किसी सरकार को लगता है कि कोर्ट को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए उसी दिन से समस्या होती है। उन्होंने यह भी कहा कि कोर्ट का काम यह नहीं है कि वह विपक्ष की ओर से सत्ता पक्ष पर हमले करे।
पूर्व CJI के बारे में अपनी किताब में लिखने की वजह से चर्चा का केंद्र बने संजय किशन कौल 25 दिसंबर 2023 को सुप्रीम कोर्ट के जज के पद से रिटायर हुए थे। अब उनकी लिखी बातों की वजह से ही विपक्ष हमलाकर है और डी वाई चंद्रचूड़ पर भी सवाल उठ रहे हैं। इन सभी बातों पर संजय किशन कौल ने ANI के साथ किए पॉडकास्ट में बात की है।
चंद्रचूड़ पर क्या बोले संजय किशन कौल?
पू्र्व CJI चंद्रचूड़ के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में संजय किशन कौल ने कहा, 'शायद उन्हें (चंद्रचूड़ को) लगता था कि ऐसे ही पहले भी होता था और अभी भी होता है इसलिए सरकार को भी लूप में रखना चाहिए। मेरे लिए चंद्रचूड़ के बारे में लिखना कठिन था। मैं कई बातों पर उनसे असहमत था। फिर भी मैं कई बातों पर सहमत था तभी प्रस्ताव पास हुए। एक खास नाम पर मेरी और उनकी गंभीर असहमति हुई। मेरा कहना था कि अगर आप तर्क रखेंगे तो शायद सरकार भी मानेगी लेकिन मुझे लगता था कि वह कई बार नरम पड़ जाते थे जबकि उन्हें जोर देना चाहिए थे।'
यह भी पढ़ें: MLC Election Result Update: 4 राज्यों की 28 सीटें, कहां, कौन जीता? सब जानिए
पूर्व जस्टिस यशवंत वर्मा के मामले में संजय किशन कौल ने कहा है, 'मेरा मानना है कि इस मामले में विस्तार से जांच होनी चाहिए थी। बहुत सारे सवाल हैं। यह तो तय है कि पैसे मिले तो जांच तो होनी चाहिए लेकिन उस शख्स से पूरी तरह से नफरत की गई।'
PM मोदी के बारे में क्या बोले संजय किशन कौल?
अपनी किताब में संजय किशन कौल ने पीएम मोदी के बारे में भी लिखा है। इसके बारे में पूछे गए सवाल के बारे में उन्होंने कहा, 'वह बहुत अच्छे श्रोता हैं। कई ऐसे कार्यक्रम होते हैं जहां आप पास बैठकर बात करते हैं। जजों की नियुक्ति को लेकर खूब बात होती है। ऐसे ही एक बार मैंने उनसे कुछ कहा तो उनका कहना था कि आप जैसा कह रहे हैं, वैसा नहीं है। मैंने कहा- ऐसा ही है मेरे हिसाब से बाकी आप देख लें। यह बात कुछ देर तक चली। फिर मुझे लगा कि वह प्रधानमंत्री हैं और शायद मैंने कुछ ज्यादा कह दिया है। मैंने फिर उनसे कहा कि मैं आपसे यह कह सकता हूं क्योंकि मुझे आपसे कुछ नहीं चाहिए। इस पर उन्होंने कहा- यह बात मैं जानता हूं।'
यह भी पढ़ें: UP में BJP से ज्यादा समाजवादी पार्टी पर हमलावर क्यों हैं असदुद्दीन ओवैसी?
उन्होंने आगे कहा है, 'प्रधानमंत्री मोदी बहुत सारी जानकारी रखते हैं। मैं शुरुआत से स्पष्ट रहा हूं कि मुझे कुछ नहीं चाहिए था। मैंने 22 साल जुडिशियरी में काम किया है। वह इस बात को जानते थे और हमें उनकी अच्छी चीजों का सम्मान करना चाहिए।'
Gay जज पर क्या बोले?
Gay वकील सौरभ किरपाल को दिल्ली हाई कोर्ट का जज बनाने या ना बनाने के बारे में पूछे गए सवाल पर संजय किशन कौल ने कहा, 'कोलिजियम उनकी अपील को बार-बार आगे-पीछे कर रहा था क्योंकि उनके पार्टनर स्विस हैं और मुख्य कारण यही था। हालांकि, मुझे लगता है कि इसकी असली जो मुझे अनौपचारिक तौर पर बताई गई कि कोलिजयम की राय थी कि देश अभी इसके लिए तैयार नहीं है। उनको लगता था कि देश अभी गे जज के लिए तैयार नहीं है। मेरी खुद की राय अलग है। मुझे लगता है कि देश ने उनको स्वीकार किया होता क्योंकि वह बहुत अच्छे वकील हैं और वह बिल्कुल भी राजनीतिक नहीं हैं।'
यह भी पढ़ें: हरियाणा BJP की पदयात्राएं 30 अक्टूबर से, अमित शाह समेत दिग्गज होंगे शामिल
CJP के प्रवक्ता सौरव दास के साथ वायरल हुई अपनी तस्वीर पर पूछे गए सवाल पर संजय किशन कौल ने कहा कि वह किसी भी तरह से CJP को कोई सलाह नहीं दे रहे हैं। उनका कहना था कि वह सौरभ दास के अनुरोध पर एक-दो बार उनसे मिले जरूर हैं। उन्होंने CJP की ओर से इस्तेमाल होने वाली भाषा को लेकर भी नसीहत दी है।
