असम विधानसभा चुनाव, 2026 के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पहली लिस्ट में 42 प्रत्याशियों का नाम शामिल है। इस हाई प्रोफाइल नेताओं को भी टिकट मिला है। इसमें सबसे बड़ा नाम लोकसभा सांसद और असम कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई का है। उन्हें जोरहाट विधानसभा से सीट से उम्मीदवार बनाया है।

 

कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे गोगोई मौजूदा समय में जोरहाट संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सदस्य हैं। पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के पुत्र गौरव गोगोई फिलहाल लोकसभा में पार्टी के उपनेता भी हैं।

रिपुन बोरा बारचल्ला से उम्मीदवार

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा को कांग्रेस ने बारचल्ला से उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने जागीरोड सीट (सुरक्षित) से बुलबुल दास, होजो-सुलकुची (सुरक्षित) सीट से नंदिता दास, दिसपुर विधानसभा सीट से मीरा बोरठाकुर गोस्वामी को टिकट दिया है।

 

यह भी पढ़ें: अब राज्यसभा में दिखेंगे नितिन नवीन, BJP ने 9 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की

 

 

 तारीखों से पहले लिस्ट जारी

कांग्रेस ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट राज्य विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने से पहले जारी की है। असम में इस साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव संभावित हैं। कांग्रेस ने असम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवब्रत सैकिया को नाजिरा विधानसभा क्षेत्र से एक बार फिर उम्मीदवार बनाया गया है। यहां से वह वर्तमान में विधायक हैं।

 

कांग्रेस ने रुपानीनट से नूरुल हुदा, सोनारी से उत्पल गोगोई, सिलचर से अभिजीत पॉल और नलबाड़ी से अशोक कुमार शर्मा को टिकट दिया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को इस बार असम विधानसभा चुनाव के लिए स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है और उम्मीदवारों के चयन में उनकी प्रमुख भूमिका मानी जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: होर्मुज बंद रहा और तेल नहीं आया तो कितने दिन चल पाएगा भारत का काम?