पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 0623 में उड़ान भरने के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी आ गई। विमान में यात्री और क्रू मेंबर समेत कुल 192 लोग सवार थे। पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को बताया कि विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं जा रहा है। वह बाहर की तरफ ही खुला हुआ है। इसके बाद विमान को वापस पुणे एयरपोर्ट लाया गया। सुबह 9:04 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इस घटना में किसी को चोट नहीं आई।

 

पायलट से सूचना मिलने के बाद पुणे एयरपोर्ट प्रशासन ने ATC, इंडिगो और दूसरी संबंधित एजेंसियों से संपर्क किया। भारतीय वायुसेना (IAF) ने फुल इमरजेंसी घोषित कर दी। इसके बाद आपातकालीन तैयारियां शुरू कर दी गईं। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, एंबुलेंस और दूसरी बचाव टीमें अलर्ट पर रखी गईं।

रनवे के ऊपर से गुजरा विमान

सुरक्षा के लिहाज से विमान को रनवे के ऊपर से नीचे की ऊंचाई पर उड़ाया गया। इससे अधिकारियों को बाहर खुले लैंडिंग गियर की स्थिति देखने में मदद मिली। जांच के बाद विमान को सुरक्षित उतारने का फैसला किया गया। सुबह 9:04 बजे विमान पुणे एयरपोर्ट पर उतर गया।

 

यह भी पढ़ें: सफदरजंग के सर्जरी विभाग को इलाज की जरूरत, इमारत गिरी तो डॉक्टर-मरीज दोनों दबेंगे

 

लैंडिंग के बाद तीन फायर फाइटिंग गाड़ियों और दो एंबुलेंस की मदद से विमान को बे नंबर 7 तक ले जाया गया। विमान की स्थिति सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद सुबह 9:10 बजे ATC ने फुल इमरजेंसी वापस ले ली।

सभी 192 लोग सुरक्षित बाहर निकाले गए

विमान के रुकने के बाद उससे एयरोब्रिज जोड़ा गया। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। विमान में सवार 192 लोगों में यात्री और क्रू मेंबर शामिल थे। किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

 

इंडिगो अब यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के लिए दूसरे विमान का इंतजाम कर रही है। इसके लिए बेंगलुरु से एक वैकल्पिक विमान पुणे लाया जा रहा है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, पूरी कार्रवाई भारतीय वायुसेना, ATC, इंडिगो और दूसरी आपातकालीन एजेंसियों के तालमेल से की गई।

इंडिगो ने जारी किया बयान

इंडिगो ने बताया कि 15 नवंबर को पुणे से गुवाहाटी जा रही फ्लाइट 6E 623 में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी का पता चला। इसके बाद विमान को पुणे वापस लाया गया और सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। एयरलाइन के बताया कि विमान की तकनीकी जांच और मेंटेनेंस किया जा रहा है। जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही इसे दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी। यात्रियों के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई है।

 

इंडिगो ने इस परेशानी के लिए यात्रियों से माफी मांगी है। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों को समय-समय पर जानकारी दी जा रही है। उन्हें खाना, रिफ्रेशमेंट, दूसरी फ्लाइट का विकल्प और नियमों के अनुसार रिफंड भी दिया जा रहा है। कंपनी ने कहा कि यात्रियों और क्रू मेंबर की सुरक्षा उसकी पहली प्राथमिकता है।