केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने 31 अक्टूबर को नामांकन पत्र दाखिल किया और अपने चुनावी हलफनामे में अपनी और अपने परिवार की संपत्ति की जानकारी दी है। इस हलफनामे में उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी की संपत्ति के बारे में दी गई जानकारी अब चर्चा का विषय बन गई है। हलफनामे के मुताबिक, लक्ष्मी पुरी की सालाना आय अपने पति से दोगुने से भी ज्यादा है।

 

हलफनामे के अनुसार, हरदीप सिंह पुरी ने अपनी चल संपत्ति करीब 6.54 करोड़ रुपये घोषित की है, जबकि उनकी अचल संपत्ति का मूल्य लगभग 20 करोड़ रुपये बताया गया है। इसमें दिल्ली के पॉश वेस्ट एंड इलाके में स्थित उनका आवासीय मकान भी शामिल है। पिछले पांच सालों में उनकी सालाना आय 63.36 लाख रुपये से बढ़कर 75.57 लाख रुपये हो गई है। उनकी इनकम के मुख्य सोर्स में केंद्रीय मंत्री के रूप में मिलने वाली सैलरी, पेंशन, दिल्ली स्थित संपत्ति से प्राप्त किराया और बैंक जमा पर मिलने वाला ब्याज शामिल हैं।

 

यह भी पढ़ें: बिहार: राहुल राज और बंशीधर ब्रजवासी की MLC सदस्यता खत्म करने की मांग क्यों उठी?

 

पत्नी के पास कितनी संपत्ति?

हरदीप पुरी की पत्नी लक्ष्मी पुरी की संपत्ति की डिटेल्स सुर्खियों में हैं। उनकी पत्नी भारतीय विदेश सेवा में अधिकारी रह चुकी हैं और रिटायर्मेंट से पहले कई सीनियर पदों पर काम कर चुकी हैं। उन्होंने 10.66 करोड़ रुपये की चल संपत्ति घोषित की है और उनकी अचल संपत्तियों का घोषित मूल्य करीब 9 करोड़ रुपये है। इसके अलावा उनके पास स्विट्जरलैंड के जिनेवा में 30 लाख स्विस फ्रैंक यानी लगभग 34 करोड़ रुपये मूल्य का अपार्टमेंट है। ग्रेटर नोएडा में भी उनका एक मकान है, जिसकी कीमत 19.52 लाख रुपये बताई गई है। उनके पास करीब 2.75 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा यानी 2,90,658 अमेरिकी डॉलर भी हैं।

5 साल में करीब 11 गुना बढ़ी कमाई

लक्ष्मी पुरी की सालाना कमाई में पिछले पांच सालों में काफी ज्यादा बढ़ गई है। हलफनामे के मुताबिक, उनकी आय 15.39 लाख रुपये से बढ़कर 1.69 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। यानी उनकी वर्तमान सालाना कमाई हरदीप पुरी की आय से दोगुने से भी अधिक है। उनकी आय के स्रोतों में भारत सरकार और संयुक्त राष्ट्र से मिलने वाली पेंशन, जिनेवा स्थित अपार्टमेंट से प्राप्त किराया और बैंक जमा पर मिलने वाला ब्याज शामिल है। बैंक खातों में जमा रकम के मामले में भी दोनों के बीच बड़ा अंतर है। हरदीप पुरी के चार बैंक खातों में करीब 22.20 लाख रुपये जमा हैं, जबकि लक्ष्मी पुरी के दो बैंक खातों में लगभग 1.02 करोड़ रुपये हैं। उनके पास 45 लाख रुपये के सोना भी है।

 

यह भी पढ़ें: BMC ने पटाखे के खिलाफ विज्ञापन कराया, BJP नाराज, दिया मिर्जा कहां फंस गईं?

सोशल मीडिया पर उठे सवाल

हलफनामे के अनुसार, हरदीप पुरी के पास करीब 32 लाख रुपये की गाड़ी और 10 हजार रुपये नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 20 हजार रुपये नकद हैं। दोनों के पीपीएफ और सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम खातों में भी रकम जमा है। सोशल मीडिया पर हरदीप पुरी से ज्यादा उनकी पत्नी की संपत्ति को लेकर चर्चा हो रही है और लोग उनकी लगातार बढ़ती इनकम पर सवाल उठा रहे हैं। 

 

वहीं, दूसरी तरफ हरदीप पुरी इन दिनों खुद विपक्ष के निशाने पर हैं। कुछ दिन पहले एपस्टीन के साथ उनकी तस्वीरें वायरल हुई थीं। इसके बाद से विपक्ष उनको निशाने पर ले रहा है लेकिन हरदीप पुरी पहले स्वीकार कर चुके हैं कि उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने से पहले पेशेवर सिलसिले में एपस्टीन से तीन-चार बार मुलाकात की थी।