हरियाणा के पानीपत जिले में जन नायक जनता पार्टी (JJP) के नेता रविंद्र मिन्ना की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। गोली माथे को निशाना बनाकर चलाई गई है। शुक्रवार शाम एक पड़ोसी ने ही जेजेपी नेता पर गोली चला दी। हमलावर ने रविंद्र मिन्ना के चचेरे भाई और एक दूसरे साथी को भी गोली मारी है।

दोनों गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। हमले के बाद आरोपी फरार हो गए, जिसके बाद पुलिस उन्हें तलाश रही है। रविंद्र मिन्ना अपने घर के पास थे, तभी उन पर हमला हुआ। गोली माथे में लगी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पास में ही उनके चचेरे भाई खड़े थे, उन्हें भी गोली लगी और गंभीर रूप से जख्मी हो गए। 

पड़ोसी ने ही मार दी गोली
रविंद्र के घर के बगल में ही आरोपी रणबीर का भी घर है। गोली चलाने के बाद वह मौके से फरार हो गया। जागसी गांव में ही दोनों रहते हैं। आरोपी रविंद्र मिन्ना का रिश्तेदार भी है। 

यह भी पढ़ें: 24 दलितों के नरसंहार केस में 3 को सजा, क्या है दिहुली कांड की कहानी


विवाद की जड़ क्या है?

रविंद्र ने अपनी साली की शादी, आरोपी रणबीर के साले से कराई थी। रविंद्र की साली और हमलावर के साले के बीच कुछ विवाद चल रहा था। विकास नगर में विवाद सुलझाने के लिए एक पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में भी रविंद्र और रणबीर में बहस हुई थी। 

पुलिस क्या कर रही है?
घायलों के नाम विनीत और विनय है। रविंद्र के माथे में गोली लगी, विनीत को पेट में बायीं तरफ गोली लगी है, वहीं विनय को कमर और टांग में गोली लगी है। पुलिस ने कहा है कि आरोपियों की तलाशी के लिए 5 टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आरोपियों की तलाशी में जुटी है। 

यह भी पढ़ें: डेढ़ साल पहले हुई थी हत्या! अब 'जिंदा' लौटी, सजा काट रहे आरोपी

कौन थे रविंद्र मिन्ना?
रविंद्र मिन्ना पहले इनेलो में थे। जेजेपी में गए, साल 2024 में उन्हें विधानसभा चुनाव में जेजेपी ने उतारा। कागजी कार्रवाई पूरी न होने की वजह से वह चुनाव नहीं लड़ पाए। रविंद्र की पत्नी चुनाव में उतरी थीं। उनका भी पर्चा भी खारिज हो गया था।