देशभर में बारिश का दौर जारी है और इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में आज यानी 13 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं दिल्ली-एनसीआर में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं और हिमाचल समेत कई अन्य राज्यों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में 13 अगस्त को मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। सुबह से शाम के बीच एक-दो बार बहुत हल्की बारिश हो सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि, दिल्ली में आज बहुत तेज बारिश की संभावना नहीं है लेकिन अगले दो दिनों में बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है। IMD के अनुसार, 14 अगस्त को भी कई जगहों पर हल्की बारिश और 14-15 अगस्त के दौरान दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना है।
यह भी पढ़ें: मंदिरों में चंदा चोरी पर बवाल, गुरुद्वारों में कैसे रखा जाता है चंदे का हिसाब?
पूर्वी और मध्य भारत में बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, उत्तर बंगाल की खाड़ी में पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास बना कम दबाव का क्षेत्र 12 अगस्त की शाम तक मजबूत होकर वेल-मार्क्ड लो प्रेशर एरिया बन गया था। इसके अगले 24 घंटों में और संगठित होकर डिप्रेशन में बदलने तथा उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना जताई गई है। इस मौसम सिस्टम का असर पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है। यानी इन हिस्सों में आज भारी बारिश होने की संभावना है।
ओडिशा और बंगाल में सबसे ज्यादा खतरा
IMD के 13 अगस्त के पूर्वानुमान में ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी है। गंगीय पश्चिम बंगाल में गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक और झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
ओडिशा में लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति बनने का खतरा है। IMD ने 13 अगस्त की सुबह तक ओडिशा के क्योंझरगढ़, मयूरभंज, नयागढ़, पुरी और सुंदरगढ़ जिलों में कम से मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड खतरे का भी संकेत दिया है। पश्चिम बंगाल में पश्चिम मिदनापुर, पूर्वी मिदनापुर, दक्षिण 24 परगना और हावड़ा में भी अगले 24 घंटों के दौरान जलभराव या सतही पानी बहने की आशंका जताई गई है।
इन राज्यों में भी बारिश
उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में भी मौसम खराब रहने वाला है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख क्षेत्र में 18 अगस्त तक कई इलाकों में बारिश जारी रहने की संभावना है। उत्तराखंड में 13 से 18 अगस्त तक व्यापक बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में 13-14 अगस्त को कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है। उत्तर प्रदेश की बात करें तो पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 से 18 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14-17 अगस्त के दौरान बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। मध्य भारत में छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी बारिश का दौर बना रहेगा। 13-16 अगस्त के दौरान विदर्भ और 12-16 अगस्त के दौरान छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें: 'डियर कुचु-पुचु, पतंग उड़ाओ पर...', दिल्ली पुलिस ने Gen-Z भाषा में दी सलाह
पहाड़ी राज्यों का मौसम
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है। IMD के अनुसार, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख क्षेत्र में 12 से 18 अगस्त तक कई इलाकों में बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि उत्तराखंड में 13 से 18 अगस्त तक व्यापक बारिश हो सकती है। इस दौरान तीनों क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का भी अनुमान है। उत्तराखंड में 13 और 15-18 अगस्त तथा हिमाचल प्रदेश में 13 अगस्त और 15-18 अगस्त को भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
आकाशीय बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग ने सिर्फ बारिश ही नहीं, बल्कि आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की है। पश्चिम बंगाल में 13-14 अगस्त को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों, खासकर कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
