देश के कई राज्यों में उमस बढ़ गई है। अब इन राज्यों में गरज-तड़क के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अनुमान जाया है कि मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्से में बने कम दबाव वाले क्षेत्र के असर की वजह से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 

बीते 24 घंटों में उत्तराखंड, हिमाचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बहुत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। IMD के मुताबिक अगले 6-7 दिनों में मध्य भारत और दक्षिणी भारत में बारिश की गतिविधियां कम रहने वाली हैं। उत्तर-पश्चिमी राज्यों में अगले कई दिनों तक बारिश जारी रहने की उम्मीद है। 

यह भी पढ़ें: गाजियाबाद में बारिश बनी आफत, 5 की मौत, किसी को करंट लगा, कोई डूबकर मरा

पिछले 24 घंटों में कहां बारिश हुई है?

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 21 सेंटीमीटर या उससे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मेघालय, बिहार और हरियाणा में 12-20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश हुई। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में गुरुवार को 7-11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश दर्ज की गई।

कैसे रहेगा आज का मौसम?

10 से 12 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और 10 से 16 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10-13 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत बारिश भी हो सकती है।

मध्य भारत में कैसा रहेगा मौसम?

पश्चिमी मध्य प्रदेश में 11 से 16 जुलाई तक, पूर्वी मध्य प्रदेश में 11 से 14 जुलाई और विदर्भ में 11 से 13 जुलाई तक कुछ जगहों पर बारिश रहेगी। पूर्वी मध्य प्रदेश 15-16 जुलाई को फिर से अच्छी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी है।

पूर्वोत्तर में कैसा रहेगा हाल?

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 से 16 जुलाई तक पूरे क्षेत्र में बारिश होने की संभावना है। 10 से 11 जुलाई को इन राज्यों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी अगले कई दिनों तक बारिश और आंधी-बिजली की गतिविधियां रहेंगी।

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान की लू और अरब सागर की उमस ने दिल्ली की गर्मी कैसे बढ़ा दी?

पश्चिमी और दक्षिणी भारत में कैसा रहेगा मौसम?

कोंकण और गोवा में 10-16 जुलाई तक अच्छी बारिश जारी रहने की उम्मीद है। गुजरात, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश होगी। दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक, केरल और तटीय आंध्र प्रदेश में अगले दिनों व्यापक बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, तेलंगाना और रायलसीमा में कुछ जगहों पर बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। दिल्ली-NCR का 

मौसम कैसे रहेगा?

दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। दिल्ली में 11 से 13 जुलाई तक तापमान थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन बादल और हल्की बारिश जारी रहने की उम्मीद है।

कहां ज्यादा है खतरा?

IMD ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। 11 से 15 जुलाई तक अरब सागर के कई क्षेत्रों और 11-15 जुलाई तक बंगाल की खाड़ी में खतरनाक स्थिति रह सकती है।