शेख हसीना के अपदस्थ होने के दो साल बाद भी भारत और बांग्लादेश के रिश्ते पटरी पर नहीं लौटे हैं। उम्मीद जताई जा रही थी कि तारिक रहमान के सत्ता संभालने के बाद सबकुछ सही होगा, लेकिन अभी तक ऐसा होते नहीं दिख रहा है। भारत के मामले में तारिक रहमान ने चुप्पी साध रखी है, लेकिन उनके करीबी मंत्री बयानबाजी से नहीं चूकते हैं। 

 

विपक्षी नेता नाहिद इस्लाम ने भी भारत के खिलाफ अपनी बयानबाजी को तेज कर दिया है। दो साल पहले बांग्लादेश में बने भारत विरोधी माहौल के कारण तारिक रहमान सरकार पर नई दिल्ली के साथ रिश्तों को खराब रखने का नैतिक दबाव है। 

 

यह भी पढ़ें: जब छोटी-छोटी बातों पर छिड़ी जंग, दुनिया के सबसे अजीबोगरीब युद्धों की कहानी

क्यों आई रिश्तों में खटास?

हाल ही में जब शेख हसीना ने नई दिल्ली से दिसंबर में बांग्लादेश वापसी की घोषणा की तो ढाका को एक बहाना मिल गया। फरवरी में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान पदभार संभालने के 9 महीने बाद भी भारत की यात्रा पर नहीं आए हैं। रिश्तों में आई खटास की जड़ सिर्फ शेख हसीना ही नहीं हैं। भारत बांग्लादेश में अपने हितों को सुरक्षित रखना चाहता है। कट्टरपंथ, आतंकवाद और भारत विरोधी भावनाओं नई प्रगति में रुकावट पैदा की है। वहीं बांग्लादेश शेख हसीना का प्रत्यर्पण और गंगा जल संधि में अधिक रियायत मांग रहा है। 

प्रत्यर्पण की संधि पर अड़ा भारत

शेख हसीना अगले महीने अपने वतन वापस जा सकती हैं। उससे पहले भारत के साथ ढाका के रिश्तों में तनाव आने लगा है। बांग्लादेश ने भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग की। यह भी स्पष्ट कर दिया कि ढाका शेख हसीना को कोई पासपोर्ट नहीं जारी करेगा। बांग्लादेश के कार्यकारी विदेश मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि हसीना को कोई पासपोर्ट जारी नहीं किया जाएगा। स्वीकार्य कैदी अदला-बदली के तहत प्रत्यर्पण की मांग उठाई। भारत के विदेश मंत्रालय ने यात्रा के लिए ट्रैवल डॉक्यूमेंट की जरूरत पर जोर दिया। 

 

बांग्लादेश इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल के चीफ प्रॉसिक्यूटर मोहम्मद अमीनुल इस्लाम ने भी हसीना को पासपोर्ट और ट्रैवल डॉक्यूमेंट जारी करने की संभावना को खारिज किया और कहा कि उनके पास अपनी मौत की सजा का सामना करने के अलावा कोई कानूनी रास्ता नहीं बचा है।

गंगा जल संधि भी बड़ा मुद्दा

भारत और बांग्लादेश के बीच 1966 में गंगा जल संधि हुई थी। इसी साल 12 दिसंबर को यह संधि खत्म हो रही है। बांग्लादेश की सरकार चाहती है कि भारत नई संधि में गारंटी का प्रावधान करे, ताकि पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। हालांकि अभी तक भारत ने अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। दोनों देशों के बीच लगभग 54 नदियां गुजरती हैं। गंगा के अलावा तीस्ता नदी के जल बंटवारे पर भी विवाद है। तीस्ता जल विवाद पर बांग्लादेश के जल संसाधन मंत्री शाहिदुद्दीन चौधरी अनी ने कहा था कि हम नहीं चाहते हैं कि भारत के साथ हमारे दोस्ताना संबंध खराब हों।

 

यह भी पढ़ें: 'बांग्लादेश लौटने का मतलब है सिर्फ मौत', शेख हसीना को डरा रही तारिक रहमान सरकार?

भारत विरोधी बयानबाजी

शेख हसीना को अपदस्थ करने वाले नाहिद इस्लाम ने भी कहा कि अगर बांग्लादेश को अपने हिस्से का पानी नहीं मिलता है तो उसे भारतीय सामान और ट्रांजिट फैसिलिटी को ब्लॉक कर देना चाहिए। नाहिद इस्लाम बांग्लादेश की नेशनल सिटिजन पार्टी के मुखिया है। उनका सार्वजनिक तौर पर भारत विरोधी रुख है। नाहिद ने कहा, 'अगर पानी बांग्लादेश नहीं आएगा तो भारतीय सामान बांग्लादेश में नहीं आएगा। कोई कॉरिडोर नहीं होगा, कोई ट्रांज़िट नहीं होगा।'

 

पूरे बांग्लादेश में हाल ही में कपड़ा मजदूरों ने राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन किया। बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने प्रदर्शन की साजिश रचने का आरोप एक पड़ोसी देश पर लगाया। हालांकि किसी का नाम नहीं लिया। उन्होंने जांच रिपोर्ट का हवाला दिया और कहा कि अवामी लीग सरकार में काम करने वाले कपड़ा मालिक, पूर्व मंत्री, राज्य मंत्री और सांसदों का इसमें सीधा सियासी एजेंडा है। उन्होंने माफिया और रिएक्शनरी ग्रुप्स पर पड़ोसी देश से आने वाली साजिशों को लागू करने का आरोप लगाया, ताकि बांग्लादेश को अस्थिर किया जा सके। 

बांग्लादेश के 21 जिलों में भड़की हिंसा

बांग्लादेश में पिछले चार दिनों से हिंसा का नया दौर शुरू हुआ है। यह दौर शेख हसीना के वापसी के एलान बाद आरंभ हुआ। अब तक 21 जिलों में हिंसा की खबर है। 22 गाड़ियों को फूंका गया है। 60 से अधिक पेट्रोल बम धमाकों से पड़ोसी देश दहल उठा है।  अभी तक 62 लोगों को पकड़ा गया है। हिंसा के बीच सरकारी स्कूल-कॉलेजों को बंद कर दिया गया है। ट्रेन और बसों में भी आगजनी क खबरें हैं। पुलिस ने हसीना समर्थकों पर हिंसा करने का आरोप लगाया है।