देशभर में जारी बारिश के कारण कई राज्यों का मुश्किलों का सामना भी करना पड़ रहा है। देश के ज्यादातर हिस्सों में पिछले 24 घंटों में बारिश हुई। आज 12 अगस्त को भी उत्तर भारत से लेकर मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत तक कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में 12 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। IMD के अनुसार, दोपहर से शाम के बीच बहुत हल्की बारिश के एक-दो दौर हो सकते हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 16 अगस्त तक दिल्ली में बारिश की संभावना बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: भारत तक रेलगाड़ी क्यों चलवाना चाहता है रूस? जानें ट्रेन रूट और बड़ी चुनौतियां
जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र बारिश की गतिविधियों को प्रभावित कर रहा है। इसके अलावा 12 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में एक और कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से पूर्वी और मध्य भारत में बारिश का दौर आगे भी जारी रह सकता है।
12 अगस्त को पूर्वी राजस्थान में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में भी कुछ इलाकों में बारिश का दौर रह सकता है। वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश में 11 से 15 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी कई जगह बारिश हो सकती है। विदर्भ में 12 और 13 अगस्त को बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जबकि मध्य महाराष्ट्र में 12 अगस्त को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
यूपी और बिहार में भी बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 14 से 17 अगस्त के बीच कई इलाकों में व्यापक बारिश की संभावना है। 12 अगस्त को उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। इसके साथ ही पड़ोसी राज्य बिहार में 11 से 13 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है, जबकि 14 से 17 अगस्त के दौरान राज्य के बड़े हिस्से में बारिश बढ़ने का अनुमान है। IMD ने बिहार में 11 अगस्त को कुछ जगह आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना जताई थी।
पहाड़ी राज्यों में अलर्ट
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। 12 अगस्त को हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की स्थिति बन सकती है, जबकि उत्तराखंड में 11 से 17 अगस्त के दौरान कई जगह आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के कारण भूस्खलन, मलबा आने और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा भी बढ़ सकता है। IMD ने अगले 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला और किन्नौर तथा उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में कम स्तर के फ्लैश फ्लड खतरे की संभावना भी जताई है।
यह भी पढ़ें: 'टकसाली VS इंपोर्टेड' की जंग, पंजाब चुनाव से पहले BJP में कलह, समझिए पूरी कहानी
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बारिश
पूर्वी भारत में ओडिशा का मौसम 12 अगस्त को खासा सक्रिय रह सकता है। IMD के अनुसार, 11 से 13 अगस्त के दौरान ओडिशा में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना है। पश्चिम बंगाल में भी बारिश का दौर जारी रहेगा और 12 अगस्त को गंगा के मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। झारखंड में 11 और 12 अगस्त को गरज-चमक तथा तेज बिजली गतिविधि की संभावना है।
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी तेज बारिश और बिजली का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 12 से 17 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 11 से 17 अगस्त तक कई इलाकों में बारिश हो सकती है। इन राज्यों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
अन्य राज्यों का हाल
पश्चिमी भारत में कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात क्षेत्र में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में 11-12 अगस्त को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मध्य महाराष्ट्र में 12 अगस्त को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु, तेलंगाना और केरल के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हवाएं, जबकि झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार चलने की संभावना है।
