दो दिन के ब्रेक के बाद कांग्रेस की अगुवाई में INDIA गठबंधन के नेता फिर सड़क पर उतरने को तैयार हैं। कांग्रेस ने 'चलो दिल्ली' का नारा दिया है और कई राज्यों से उसके समर्थक दिल्ली पहुंच रहे हैं। कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी पहले मीडिया से बातचीत करेंगे, फिर नई दिल्ली इलाके में सांसदों के साथ कार्यकर्ता जुटेंगे और फिर सभी नेता सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च करेंगे। भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने पहले ही विपक्षी सांसदों के अनुरोध को ठुकरा दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर ये नेता याचिका दायर करना चाहें तो सुप्रीम कोर्ट में उसकी सुनवाई की जाएगी। इस बीच यूथ कांग्रेस ने पहले से ही उन लोगों को चुनौती देने की शुरुआत की है जो बीते दो दिनों में प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट करते नजर आए। यूथ कांग्रेस ने अपने X हैंडल पर लिखा है कि अगर आज नहीं आए तो सावरकर कहलाओगे।
पढ़ें हर जरूरी अपडेट
12:21 pm
'हमारे सामने छीना जा रहा है अधिकार'
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि हमें कोई जगह दीजिए, जहां हम प्रदर्शन करें। धरना के लिए तय जगह जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने दें, वहां रोक दिए। फिर से पिटाई हुई, उसके बाद हम गए राजघाट, राजघाट में सारे विपक्षी नेता गए। कल आपने देखा। प्रोटेस्ट हुआ, छात्रों को मारा, हम सुप्रीम कोर्ट तक जा रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष और मैंने मुख्य न्यायधीश को पत्र लिखा, उन्होंने हमें याचिका दायर करने के लिए कहा। हमें मुख्य न्यायाधीश ने कहा है कि आप कानूनी प्रक्रिया शुरू कीजिए। आज इंडिया ब्लॉक के नेता और मैं सुप्रीम कोर्ट जाएंगे, एकसाथ यह याचिका दायर करेंगे।'
12:19 pm
पुलिस कह रही है कि विपक्ष सही है: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है, 'पुलिस भी कह रही है विपक्ष सही है। सरकार जब-जब ज्ञानेश कुमार को बचाएगी, लोग सवाल खड़े करेंगे। मैं ज्ञानेश कुमार से कहना चाहता हूं कि आप बचोगे नहीं। आपके खिलाफ जनता है, लाखों लोग आप से नाराज हैं, आपके बारे में लोग सवाल पूछ रहे हैं, ये रुकेंगे नहीं। आपके सामने भी लोग हैं, उन तक पहुंचने के लिए आपको हटाना है। आप परेशान मत हों, हमारे पास आपके बारे में सूचना है, हमारे पास आपके भ्रष्टाचार से जुड़े सबूत हैं, आपको हटना होगा।'
12:00 pm
कांग्रेस के प्रोटेस्ट के जवाब में बीजेपी महिला मोर्चा निकाल रही है मार्च
11:51 am
अपने घर से निकले राहुल गांधी
मीडिया को संबोधित करने के लिए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपने घर से निकल चुके हैं।
11:43 am
सुप्रिया सुले ने क्या कहा?
NCP (SP) की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा- हम शांतिपूर्ण तरीके से न्याय मांगने की कोशिश करेंगे।
11:37 am
दिल्ली पहुंचे हिमाचल के CM सुखविंदर सिंह सुक्खू
कांग्रेस के मार्च में हिस्सा लेने के लिए हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के तमाम नेताओं के साथ-साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी दिल्ली पहुंच गए हैं।
11:34 am
RSS और बजरंग दल को यूथ कांग्रेस की चुनौती
यूथ कांग्रेस ने RSS और बजरंग दल को टैग करके लिखा है, 'डियर RSS और बजरंग दल। पिछले 2 दिनों से तुम्हारे लफंगे पुलिस के संरक्षण में नई दिल्ली में मासूम बच्चों, बेटियों और स्वतंत्रत पत्रकारों के साथ गुंडई करते हुए मंडरा रहे थे। आइये आज हवेली पर... मिलते हैं उसी जगह CP पर। IYC स्वागत में कोई कमी नही रखेगी और अगर आज नहीं आए तो सावरकर कहलाओगे।'
