देश में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सड़क, रेलवे और ऊर्जा से जुड़ी परियोजनाओं पर सरकार बड़े स्तर पर काम कर रही है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, देश की कुल 1,862 बड़ी परियोजनाओं में से 1,324 परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र से जुड़ी हैं। वहीं, ऊर्जा क्षेत्र में 229 परियोजनाएं चल रही हैं। इन दोनों को मिलाकर देखा जाए तो 1,553 परियोजनाएं केवल इन्हीं क्षेत्रों से जुड़ी हैं, जो कुल परियोजनाओं का 83.41 फीसदी हिस्सा है।
मिनिस्ट्री ऑफ स्टैटिस्टिक्स एंड प्रोग्राम इम्प्लीमेंटेशन (MoSPI) की 25 नवंबर 2026 को जारी मासिक फ्लैश रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2026 तक केंद्र सरकार की 1,862 बड़ी परियोजनाएं निगरानी में थीं। इनकी कुल लागत 38.11 लाख करोड़ रुपये है। इनमें से 17.87 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, जल और शहरी विकास जैसे दूसरे क्षेत्रों में भी क्या उतनी ही बड़ी संख्या में परियोजनाएं चल रही हैं? केंद्र सरकार की ताजा रिपोर्ट से इसकी तस्वीर सामने है।
यह भी पढ़ें: अमीर भारतीयों में कम उम्र में मौत का खतरा 62% कम, जाति-धर्म का भी पड़ता है असर?
क्या बताते हैं आंकड़े?
MoSPI की अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में कुल 1,862 बड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें सबसे ज्यादा परियोजनाएं सड़क, रेलवे और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी हैं। इन दोनों क्षेत्रों को मिलाकर देखा जाए तो कुल 1,553 परियोजनाएं चल रही हैं। यानी हर 100 में से करीब 83 बड़ी परियोजनाएं इन्हीं क्षेत्रों की हैं। बाकी क्षेत्रों की तस्वीर देखें तो वहां परियोजनाओं की संख्या काफी कम है। आंकड़ों से समझिए क्या है देश में परियोजनाओं का हाल
पानी और स्वच्छता से जुड़ी परियोजनाएं: रिपोर्ट के मुताबिक, पानी और स्वच्छता से जुड़ी देश में सिर्फ 48 बड़ी परियोजनाएं चल रही हैं। इन पर कुल 1.97 लाख करोड़ रुपये खर्च होने हैं। इनमें से 1.38 लाख करोड़ रुपये खर्च भी हो चुके हैं। यानी कुल बजट का करीब 70 फीसदी पैसा लगाया जा चुका है।
सामाजिक सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं: इसके अलावा, बात करें सामाजिक और व्यावसायिक बुनियादी ढांचे की तो इस क्षेत्र में जुड़ी 79 परियोजनाएं चल रही हैं। इनकी कुल लागत करीब 95 हजार करोड़ रुपये है। इनमें से अब तक करीब 39 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसमें सामाजिक सुविधाओं के साथ व्यावसायिक बुनियादी ढांचे से जुड़े काम भी शामिल हैं।
स्वास्थ्य के क्षेत्र का हाल: रिपोर्ट के मुताबिक, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत 22 बड़ी परियोजनाएं चल रही हैं। इनकी कुल लागत करीब 22 हजार करोड़ रुपये है। अब तक इनमें से करीब 9 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। यानी कुल लागत का करीब 41 फीसदी पैसा खर्च हुआ है।
अन्य सेक्टर में कितनी परियोजनाएं: कम्युनिकेशन सेक्टर में सबसे कम यानी 31 बड़ी परियोजनाएं चल रही हैं। इन पर कुल 1.34 लाख करोड़ रुपये खर्च होने हैं। अब तक करीब 65 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। बाकी क्षेत्रों में कुल 151 परियोजनाएं चल रही हैं। इनकी कुल लागत 2.18 लाख करोड़ रुपये है। इनमें से करीब 67 हजार करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं।
कितनी परियोजनाएं पूरी होने के करीब?
रिपोर्ट के मुताबिक, कुल 1,862 परियोजनाओं में से 649 परियोजनाओं ने 80 फीसदी से ज्यादा विकास हासिल कर ली है। इनमें निर्माण या काम का 80 फीसदी से ज्यादा हिस्सा पूरा हो चुका है। इसके अलावा, 326 परियोजनाओं में पैसे के इस्तेमाल की स्थिति 80 फीसदी से ज्यादा है। आसान शब्दों में कहें तो इन परियोजनाओं की कुल लागत का 80 फीसदी से अधिक खर्च किया जा चुका है।
