जयपुर के सीतापुरा स्थित एक एग्जाम सेंटर पर रविवार को नीट-पीजी 2026 परीक्षा के दौरान तकनीकी गड़बड़ियों के चलते अफरा-तफरी मच गई। छात्रों ने आरोप लगाया कि परीक्षा के दौरान बिजली जाने की वदह से कंप्यूटर बार-बार बंद हो रहे थे, जिससे उन्हें सवाल हल करने में परेशानी हुई। यह परीक्षा जयपुर में iON डिजिटल जोन सीतापुरा 2 में हो रही थी। इसको देखते हुए नीट-पीजी परीक्षा को रीशेड्यूल कर दिया गया है।
छात्रों के मुताबिक, परीक्षा सुबह नौ बजे शुरू होनी थी, लेकिन इसमें देरी हुई। उन्होंने कहा परीक्षा शुरू होने के बाद भी कंप्यूटर बार-बार बंद होते रहे। कुछ अभ्यर्थियों ने दावा किया कि उनके कंप्यूटर छह से सात बार बंद हुए, जबकि कुछ ने इससे भी अधिक बार तकनीकी समस्या आने की बात कही।
यह भी पढ़ें: शुद्धीकरण विवाद ने कैसे कांग्रेस को सियासी मौका दे दिया? नए हंगामे की पूरी कहानी
छात्रों की शिकायतें आई सामने
छात्रों के अनुसार, कंप्यूटर दोबारा शुरू होने के बाद कई सिस्टम पर केवल कुछ सवाल दिखाई दिए और फिर कंप्यूटर बंद हो गया। तकनीकी व्यवधान के बीच कई अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र से बाहर निकल आए और व्यवस्थाओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार आ रही तकनीकी समस्या को लेकर केंद्र के कर्मचारियों की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
स्क्रीन पर सवाल दिखाई देने के बाद बंद हुए कंप्यूटर
अभ्यर्थियों ने परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि कुछ कंप्यूटर की स्क्रीन पर सवाल दिखाई देने के बाद बंद हो गए। अभ्यर्थियों ने तकनीकी गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच कराने और यह सुनिश्चित करने की मांग की कि किसी भी छात्र को इसका खामियाजा न भुगतना पड़े।
यह भी पढ़ें: CBG के दाम 43% बढ़े, CNG-PNG पर फिर भी असर क्यों नहीं? समझिए खेल
पर्याप्त तकनीकी सुविधाएं नहीं दी गईं
गुंजन नाम की एक अभ्यर्थी ने कहा कि नीट-पीजी जैसी अहम परीक्षा के लिए छात्र अच्छी-खासी फीस देते हैं, लेकिन उन्हें निर्बाध परीक्षा के लिए पर्याप्त तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं। अभ्यर्थियों ने कहा कि कई परीक्षार्थियों ने एक से दो साल तक तैयारी की है और इस तरह की तकनीकी गड़बड़ियां उनके भविष्य को प्रभावित कर सकती हैं।
प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी परीक्षा केंद्र पहुंचे। जयपुर दक्षिण के सहायक पुलिस आयुक्त ललित शर्मा ने कहा कि हंगामे के बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मौके पर मौजूद थी।
