अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैन डाइक और 6 यूक्रेनी नागरिकों को दिल्ली की एक अदालत से राहत मिली है। शुक्रवार को अदालत ने सभी आरोपियों को 24 फरवरी 2027 तक भारत से बाहर रहने की अनुमति दी है। इन सभी को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 13 मार्च 2026 को एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था।
इन पर म्यांमार में जातीय सशस्त्र समूहों को हथियार चलाने की ट्रेनिंग देने का आरोप था। NIA को संदेह था कि जिन संगठनों को ट्रेनिंग दी गई, उनके संबंध भारत के नॉर्थ ईस्ट राज्यों में सक्रिय प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से हैं। एजेंसी को आशंका थी कि ये संगठन भारतीय उग्रवादियों को हथियार उपलब्ध करा कर ट्रेनिंग देते हैं।
मैथ्यू वैन डाइक और बाकी आरोपियों को करीब 6 महीने तक तिहाड़ जेल में रखा गया था। 23 सितंबर को दिल्ली की एक अदालत ने उन्हें परिवार से मिलने के लिए भारत से बाहर जाने की अनुमति दी थी। यह अनुमति केवल एक महीने के लिए थी। इसी वजह से मैथ्यू वैन डाइक बीते शुक्रवार को भारत लौटे और दिल्ली की अदालत में पेश हुए। अदालत ने उन्हें भारत लौटने के 72 घंटे के भीतर पेश होने का निर्देश दिया था।
6 यूक्रेनी नागरिक भारत नहीं लौटे
मैथ्यू वैन डाइक तो भारत लौट आए, लेकिन उनके साथ गिरफ्तार किए गए 6 यूक्रेनी नागरिक वापस नहीं लौटे। अदालत ने सभी आरोपियों को इस शर्त पर भारत से बाहर जाने की अनुमति दी थी कि वे जांच में दोबारा शामिल होंगे। 6 यूक्रेनी नागरिकों ने वापस न लौटने का कारण बीमारी को बताया है। सभी 6 आरोपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट की कार्यवाही में जुडे़ थे।
यह भी पढ़ें: 21 अक्टूबर को क्या हुआ था, इस दिन क्यों मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस?
मार्च में जब सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, तब NIA ने उन पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की कड़ी धाराओं के तहत आरोप लगाए थे। हालांकि, सितंबर में आरोपपत्र दाखिल करते समय NIA ने इन धाराओं को हटा दिया था।
आरोपपत्र में NIA ने सातों आरोपियों के खिलाफ केवल इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट के तहत आरोप लगाए थे। इस कानून के तहत संबंधित उल्लंघनों का निर्धारित शुल्क देकर निपटारा किया जा सकता है। वैन डाइक ने इस कानून के तहत कथित उल्लंघनों के लिए निर्धारित शुल्क का भुगतान किया था। इसके बाद पिछले महीने अदालत ने उन्हें डिफॉल्ट बेल दे दी थी।
यह भी पढ़ें: BJP पर कब-कब हमलावर हुए अन्नामलाई? इन 5 मौकों पर उठाए सवाल
कौन हैं मैथ्यू वैन डाइक?
मैथ्यू वैन डाइक का जन्म अमेरिका के बाल्टीमोर में हुआ था। उनकी कई पहचान हैं। वह अमेरिकी नागरिक होने के साथ-साथ पूर्व लड़ाके, सैन्य प्रशिक्षक, सुरक्षा विशेषज्ञ, पत्रकार और डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माता भी हैं। उन्होंने 2010 में अफगानिस्तान में युद्ध की रिपोर्टिंग की थी। वह कई देशों के गृहयुद्धों और सशस्त्र संघर्षों में शामिल रह चुके हैं।
