दिल्ली में इन दिनों गर्मी सितम ढा रही है। दिन का तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस जा रहा है, जिससे लोगों का बिना पंखे-कूलर और एसी के दिन काटना दूभर हो रहा है। इस चिललिलाती गर्मी के बीच ही 'पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन' की मेन बिल्डिंग की बिजली दो घंटे गुल रही। बिजली गुल होने की वजह से दर्जनों यात्री परेशान दिखे। मेन बिल्डिंग के प्लेटफॉर्म पर बने विश्राम गृह (प्रीमियम लॉज) और एसी वेटिंग हॉल में लोग बिना बिजली के पसीनें पोंछते हुए नजर आए। पूछने पर पता चला कि बिजली में कहीं ऊपर से दिक्कत है।
हालांकि, एसी वेटिंग हॉल में एक यात्री से एक घंटे रुकने के लिए 20 रुपये का चार्ज लिया जा रहा है, जबकि बच्चों के लिए यह किराया 10 रुपये है। एसी वेटिंग हॉल में घुसने के बाद एसी और पंखे और लाइटें बंद पड़ी मिलीं। पूछने पर मालूम चला कि एक घंटे से बिजली नहीं आ रही है। एक कर्मचारी ने बताया कि इस एसी वेटिंग हॉल का उद्घाटन एक हफ्ते पहले ही हुआ है।
यह भी पढ़ें: ग्राउंड रिपोर्ट: 500 दो 5 मिनट में एंट्री पाओ; दिल्ली स्टेशन पर कुलियों की चांदी
लिफ्ट सहित कई जगहों पर यह समस्या
इस दौरान वहां, यात्री आते रहे और काउंटर पर उनसे कहा गया कि बिजली नहीं आ रही है, जिसको सुनने के बाद यात्री वहां से लौटते हुए दिखाई दिए। इस दौरान एक यात्री ने पूछने पर बताया कि वह एसी वेटिंग हॉल में 20 मिनट पर परिवार के साथ रूके रहे लेकिन गर्मी के कारण वहां से चले गए। मेन बिल्डिंग में बिजली की समस्या आने से सिर्फ प्रिमियम लॉज और एसी वेटिंग हॉल की ही लाइट नहीं गई, बल्कि यहां की लिफ्ट सहित कई जगहों पर यह समस्या आई।
तहकीकात में क्या सामने आया?
यात्रियों की परेशानियों को देखने के बाद तहकीकात करने पर पता चला कि पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की मेन बिल्डिंग के ऊपर 'तार' (Wire) जल गया है। यह तार 10 से 15 साल पुराने हैं। इन्हें बदला नहीं गया है, इन तारों के पुराने पड़ जाने की वजह से तारों पर भारी लोड है, जिसे वह सहन नहीं कर पाए और जल गए।
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की अहमियत
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से रोजाना 210 से 215 ट्रेनें चलती हैं। इन दिनों गर्मियों की छुट्टियां होने और यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण रेलवे यहां से 4-5 स्पेशन ट्रेंन भी चला रहा है, जिसके जरिए लाखों की संख्या में लोग रोजाना यात्रा कर रहे हैं। जिन यात्रियों की ट्रेन आने में समय होता है वह गर्मी से बचने के लिए इन एसी हॉल का सहारा लेते हैं।
यह भी पढ़ें: खबरगांव की खबर पर जागा रेलवे, कुलियों की वसूली पर कही ऐक्शन की बात
रेलवे ने क्या कहा?
हालांकि, बिजली जाने की वजह पूछे जाने पर पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सीनियर सेक्शन इंजीनियर- पावर (SSE) ने कहा कि आंधी आने और लोड पड़ने की वजह से तार जल गया, जिसे ठीक करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मेन बिल्डिंग में यह समस्या आई है, मगर यहां जितने भी विभाग हैं- सभी को थोड़ा-थोड़ा करके बिजली दी जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि पुराने तारों को बदलने के लिए पत्र भेजा गया है। इंजीनियर ने यह भी कहा कि आने वाले समय में जल्द ही तीरों की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
