जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली है। उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लटफॉर्म 'एक्स' पर कुछ तस्वीरें साझा कर इसकी जानकारी दी। तस्वीरों में निधि राजदान के साथ उमर अब्दुल्ला मुस्कुराते हुए दिख रहे हैं। तस्वीरें साझा कर उन्होंने लिखा कि कल एक नए सफर की शुरुआत हुई।

 

उमर अब्दुल्ला ने इस पोस्ट में अपने बेटर हॉफ निधि राजदान को भी टैग किया है। निधि ने भी उमर अब्दुल्ला के साथ अपने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा की हैं। निधि ने इसका कैप्शन लिखा, 'इट्स डन ब्रो।'


बताया जा रहा है कि उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान ने शुक्रवार को एक निजी समारोह में शादी की थी। दोनों की ही यह दूसरी शादी है। उमर अब्दुल्ला ने पायल नाथ से साल 1994 में शादी की थी। साल 2026 में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया था। दोनों के दो बेटे हैं।

 

वहीं निधि राजदान ने साल 2005 में लेखक और पत्रकार नीलेश मिश्रा से शादी की थी। निधि और नीलेश का यह रिश्ता ज्यादा दिन तक नहीं चला। दोनों ने साल 2007 में तलाक ले लिया था

 

कौन हैं निधि राजदान?

निधि राजदान देश की जानी-मानी पत्रकार हैं। वह लंबे समय तक NDTV से जुड़ी रही हैं। उन्होंने करीब 21 साल तक इस संस्थान में काम किया। वह चैनल पर कई बड़े राजनीतिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करती नजर आती थीं। निधि ने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की। उनके पिता कृष्ण राजदान भी पत्रकार रहे हैं।

 

साल 2020 में निधि ने NDTV से इस्तीफा दे दिया था। उस समय उन्होंने बताया था कि उन्हें हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाने का मौका मिला है। हालांकि, बाद में उन्होंने खुलासा किया कि वह एक साइबर फ्रॉड का शिकार हुई थीं।

 

यह भी पढ़ें: 'आइए, बिहार में निवेश करिए', आनंद महिंद्रा ने की तारीफ, CM सम्राट ने दिया न्योता

दो महीने पहले हुआ था तलाक

उमर अब्दुल्ला की पहली शादी साल 1994 में पायल से हुई थी। दोनों के दो बेटे हैं, जिनके नाम जहीर और जमीर हैं। हालांकि, दोनों के बीच लंबे समय से संबंध ठीक नहीं थे और वे अलग रह रहे थे। दोनों के तलाक का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था। जुलाई 2026 में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाह खत्म करने पर सहमति जताई। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने उनके तलाक को मंजूरी दे दी थी। अब उमर अब्दुल्ला ने निधि राजदान के साथ अपने जीवन की नई शुरुआत की है।

 

यह भी पढ़ें: पूर्वी चंपारण: 20 लाख रुपये के साथ पकड़ा गया शख्स, जाली नोटों के नेटवर्क का शक

पत्रकार-राजनेता, ये रिश्ता नया नहीं

नेताओं और पत्रकारों के बीच शादी के पहले भी कई चर्चित उदाहरण रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने 2015 में राज्यसभा टीवी की पत्रकार अमृता राय से शादी की थी। कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद ने 2010 में टीवी पत्रकार नेहा सेठ से विवाह किया था।

 

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने 2015 में टीवी पत्रकार रेहम खान से शादी की थी, हालांकि बाद में दोनों का तलाक हो गया। इसके अलावा, सीपीआई (एम) के पूर्व महासचिव सीताराम येचुरी ने पत्रकार सीमा चिश्ती से शादी की थी।