भारत की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने सोमवार को पद्म पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया। राष्ट्रपति भवन में हुए एक समारोह में मुर्मू ने महान बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया। यह पुरस्कार धर्मेंद्र की पत्नी और बीजेपी सांसद हेमा मालिनी ने ग्रहण किया। जब हेमा पुरस्कार ले रही थीं, तो वहां धर्मेंद्र की छोटी बेटी आहना देओल पिता के लिए तालियां बजाते हुए रो पड़ीं।
बता दें कि केंद्र सरकार ने 25 जनवरी को 131 पद्म सम्मानों का एलान किया था। आज पहले चरण में 66 हस्तियों को सम्मानित किया जा रहा है। भारत के इस सबसे बड़े नागरिक सम्मान समारोह में शिक्षा, सिनेमा, संगीत और थिएटर जगत की हस्तियों को सम्मानित किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: जिमखाना क्लब पर BJP समर्थक किरण बेदी खफा, विरोधी खेमका पक्ष में! माजरा क्या है?
सिनेमा क्षेत्र से इस साल पद्म पुरस्कारों की लिस्ट में दिवंगत धर्मेंद्र के अलावा मलयालम सुपरस्टार ममूटी और आर. माधवन जैसे नाम शामिल हैं।
कोश्यारी और पीयूष पांडे को पद्म भूषण
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एन. राजम को कला के क्षेत्र में पद्म विभूषण से सम्मानित किया। वहीं, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति ने भारतीय एडवरटाइजिंग में एक अहम हस्ती पीयूष पांडे (मरणोपरांत) को कला के क्षेत्र में बेहतरीन काम के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया।
उदय कोटक भी सम्मानित
अनुभवी भारतीय बैंकर उदय कोटक को भी राष्ट्रपति मुर्मू पद्म भूषण से सम्मानित किया। उन्हें भारत के लीडिंग प्राइवेट सेक्टर बैंकों में से एक बनाने और आधुनिक फाइनेंशियल माहौल को आकार देने में उनके बदलाव लाने वाले रोल के लिए जाना जाता है।
पुडुचेरी के सिलंबम के एक्सपर्ट के. पजानिवेल को पारंपरिक मार्शल आर्ट के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने लेटकर प्रणाम किया।
