प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 16 नवंबर को फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचेंगे, जहां वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन (ASEAN-India Summit) और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के चार देशों के समूह की बैठक भी आयोजित करने की तैयारी है, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप , जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज समेत कई देशों के नेता के भी शामिल होने की उम्मीद है।
मनीला में होने वाली इन बैठकों में समुद्री सुरक्षा, व्यापार, आर्थिक सहयोग और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। भारत की कोशिश दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ अपने रणनीतिक और कारोबारी रिश्तों को और मजबूत करने की है।
यह भी पढ़ें: अमेरिका में कॉपर वायर की वजह से ठप हुई उड़ानें, उसे कैसे ठीक करेगा FAA?
मनीला पहुंचे PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस की मेजबानी में हो रहे आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान, आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और अगले दिन होने वाले पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मनीला पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा, 'मैं आज और कल फिलीपींस के मनीला में रहूंगा, जहां मैं निम्नलिखित कार्यक्रमों में भाग लूंगा. 23वां आसियान-भारत शिखर सम्मेलन। 21वां पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन।'
उन्होंने लिखा की भारत, आसियान देशों के साथ अपनी घनिष्ठ मित्रता को बहुत अधिक महत्व देता है। मैं फिलीपींस में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से बातचीत करने के लिए भी उत्सुक हूं।
किन मुद्दों पर रहेगा भारत का जोर?
आसियान भारत की पूर्व की ओर देखो नीति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र से जुड़ी रणनीति का अहम हिस्सा है। विदेश मंत्रालय के सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन के मुताबिक, 11 देशों का यह समूह क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाता है। भारत और आसियान देशों के बीच हर साल करीब 122 अरब डॉलर का कारोबार होता है।
रुद्रेंद्र टंडन ने कहा कि भारत हिंद महासागर से जुड़ा देश है और दक्षिण-पूर्व एशिया का समुद्री क्षेत्र उसके करीब है। इसलिए आसियान देशों के साथ मजबूत रिश्ते बनाना दोनों पक्षों के हित में है। उन्होंने बताया कि बैठक में समुद्र की सुरक्षा मजबूत करने, नौसेना के बीच तालमेल बढ़ाने और व्यापार को आगे बढ़ाने पर खास जोर रहेगा।
समुद्र की सुरक्षा पर इतना जोर क्यों?
भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच समुद्री सुरक्षा सहयोग इस बैठक का अहम मुद्दा है। साल 2026 को भारत-आसियान समुद्री सहयोग वर्ष घोषित किया गया है। इसके तहत समुद्र की सुरक्षा, जहाजों की सुरक्षित आवाजाही, समुद्री संपर्क और समुद्र से जुड़े कारोबार को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।
भारत की भौगोलिक स्थिति हिंद महासागर और दक्षिण-पूर्व एशिया के समुद्री क्षेत्र के बीच है। ऐसे में इन देशों के साथ मजबूत संबंध भारत के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हैं। रुद्रेंद्र टंडन के मुताबिक, भारत और आसियान देशों के बीच मजबूत रणनीतिक संबंध तेजी से बदलते वैश्विक हालात से निपटने और एशिया में शांति बनाए रखने में मदद कर सकते हैं।
