राजस्थान में कोटा-उदयपुर हाईवे पर रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई। खाटू श्याम मंदिर के दर्शन कर लौट रहा परिवार जिस एसयूवी में सवार था, वह रात करीब एक बजे हाईवे पर खड़े ट्रक से जा टकराई। कई लोग घायल भी हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक गाड़ी में बच्चों समेत परिवार के 16 सदस्य सवार थे। सभी महाराष्ट्र के धुले जिले के रहने वाले हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी बुरी तरह पिचक गई और अंदर बैठे लोग उसमें फंस गए।
यह भी पढ़ें: पंजाब में बड़ा हादसा, पटियाला-संगरूर बाइपास पर भाखड़ा नहर का पुल गिरा
ड्राइवर को झपकी आने की आशंका
कोटा की पुलिस अधीक्षक (SP) तेजस्विनी गौतम ने बताया कि शुरुआती जांच में लग रहा है कि ड्राइवर को झपकी आ गई थी। इसी वजह से गाड़ी बेकाबू होकर खड़े ट्रक में घुस गई। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि परिवार चार गाड़ियों के काफिले में तीर्थयात्रा से लौट रहा था। हादसा इनमें से एक गाड़ी के साथ हुआ। यात्रा खाटू श्याम मंदिर के दर्शन के बाद शुरू हुई थी। मंदिर शंभूपुरा के पास है।
सूचना मिलते ही SP समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बचाव दल ने घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला और पास के अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शव अस्पताल की मर्चुरी में रखवाए गए हैं।
यह भी पढ़ें: अखिलेश की रैली में बड़ा हादसा, बुलडोजर के नीचे आने से BJP नेता के बेटे की मौत
मारे गए लोग कौन थे?
पुलिस ने मृतकों की पहचान सज्जन (62), उनकी पत्नी उषा बाई (60), सुशीला (62), कैलाश (35), उनकी पत्नी अनीता (34), बाबूलाल (75) और माधवी (32) के रूप में की है। बाकी दो मृतकों के नाम खबर लिखे जाने तक सामने नहीं आए थे।
