भारत आज अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है और इस मौके पर देश की राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर परेड आयोजित की गई। भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया की निगाहें इस परेड पर टिकी रहीं। इस परेड में भारत ने अपनी सैन्य ताकत दिखाई। ऑपरेशन सिंदूर की झांकी भी परेड में देखने को मिली। इस मौके पर इंडियन एयरफोर्स ने कई वीडियो शेयर किए हैं। इन वीडियो में इंडियन एयरफोर्स की ताकत दिखाई गई है और दिल्ली का ऊंचाई से नजारा भी इन वीडियो में देखने को मिल रहा है।
इंडियन एयरफोर्स ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर कुल आठ वीडियो शेयर किए हैं। इन वीडियो में भारतीय एयरफोर्स के आसमान में दिखाए गए करतब दिखाए गए हैं। राफेल विमान की गर्जना भी इस मौके पर सुनाई दी। एयरफोर्स ने इन वीडियो के साथ लिखा, ' इंडियन एयरफोर्स के नजरिए से गणतंत्र दिवस परेड 2026 फ्लाईपास्ट की झलकियां।'
आसमान में लहराया तिरंगा
कर्तव्य पथ पर आयोजित कार्यक्रम में इंडियन एयरफोर्स ने स्वदेशी हेलीकॉप्टर (ध्रुव) का प्रदर्शन किया। यह हेलीकॉप्टर लंबी दूरी के रडार और दिन-रात में काम करने वाले कैमरों से लैस हैं। इस हेलीकॉप्टर पर ऑपरेशन सिंदूर का झंडा भी लगा हुआ है। इस हेलीकॉप्टर को सेना के कर्नल विजय प्रताप ने उड़ाया।
अरावली से राष्ट्रपति भवन तक
एयरफोर्स की ओर से जारी एक वीडियो में विमान में इंडियन एयरफोर्स का झंडा लहरा रहा है। यह जहाज अरावली के हरे-भरे इलाके से होते हुए राष्ट्रपति भवन का आसामानी व्यू दिखाता है। इसके बाद यह राष्ट्रपति भवन का चक्कर लगाता है और फिर पुरानी और नई संसद से होते हुए गुजरता है। इस दौरान हवाई जहाज से फूलों की बारिश भी की जाती है।
ऑपरेशन सिंदूर का झंडा लहराया
एक दूसरी वीडियो में देखा जा सकता है कि आसमान में ऑपरेशन सिंदूर का झंडा लहराते हुए एक विमान कर्तव्य पथके ऊपर से उड़ रहा है। इस झंडे पर से कर्तव्य पथ और इंडिया गेट का पूरा व्यू दिखाई देता है।
राफेल की उड़ान
एयरफोर्स ने एक अन्य वीडियो में राफेल फाइटर जेट की वीडियो शेयर की है। इस वीडियो में एक पायलट फाइटर जेट उडाते हुए दिखाई दे रहा है। पायलट बिना डरे जहाज उड़ाकर कर्तव्य पथ के ऊपर से ले जाता है।
