मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी अब मुश्किल में फंसते हुए नजर आ रहे हैं। साकेत कोर्ट ने उनके खिलाफ 2018 के मानहानि मामले में गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया है। कोर्ट ने यह फैसला जमानती वारंट जारी करने के 37 दिन बाद लिया है। कोर्ट ने 15 अक्टूबर को समन जारी कर दो दिन में पेश होने को कहा था। खास बात यह है कि उस समय ध्रुव राठी भारत में ही थे और उनके गुरुग्राम स्थित घर पर नोटिस भी भेजा गया था। इसी मामले में साकेत कोर्ट की न्यायिक मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास अनम रईस खान ने गैर जमानती वारंट जारी किया है और अब मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर 2026 को होगी। 

 

यह विवाद मई 2018 में ध्रुव राठी के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए वीडियो 'BJP IT से पार्ट-2' से शुरू हुआ था। इस वीडियो में ध्रुव राठी ने आरोप लगाया था कि बीजेपी के आईटी सेल से जुड़े लोगों ने विकास पांडे उर्फ विकास संकृत्यायन को उन्हें बदनाम करने के लिए रिश्वत देने की कोशिश की थी। विकास पांडे ने इन आरोपों को गलत और मानहानिकारक बताते हुए अदालत का रुख किया था। उनका आरोप था कि वीडियो के जरिए उनकी छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया गया।

 

यह भी पढ़ें: कथा, चुनाव की तैयारी और रामदेव का साथ, कौन हैं बाबा आलोक दास?

 

शिकायतकर्ता ने क्या कहा?

उनका आरोप था कि वीडियो में विकास सांकृत्यायन के खिलाफ कथित तौर पर झूठे और मानहानि करने वाले दावे किए गए थे। विकास का आरोप है कि इस वीडियो के जरिए उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई। इसी को लेकर उन्होंने कोर्ट में आपराधिक मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की सुनवाई के दौरान ध्रुव राठी के कोर्ट में पेश नहीं होने पर अब उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया है।

अरविंद केजरीवाल का नाम कैसे आया?

इस विवाद में दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम भी सामने आया था। दरअसल, ध्रुव राठी के वीडियो को केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर रीट्वीट किया था। इसके बाद विकास पांडे ने ध्रुव राठी और अरविंद केजरीवाल दोनों के खिलाफ मानहानि की कार्यवाही शुरू की थी। बाद में केजरीवाल ने कोर्ट में वीडियो शेयर करने को अपनी गलती माना था। हालांकि, ध्रुव राठी के खिलाफ मानहानि की कार्यवाही जारी रही।

 

यह भी पढ़ें: राम से पशुपतिनाथ और IIT तक, पीएम मोदी और बालेन शाह ने क्या-क्या बोला?

 

3 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई

शिकायतकर्ता की ओर से वकील समक्ष शर्मा ने अदालत में दलील दी थी कि ध्रुव राठी ज्यादातर विदेश में रहते हैं, जिसके चलते कई सालों से समन की तामील में परेशानी आ रही है। वहीं, ध्रुव राठी के वकील ने कोर्ट को बताया था कि वह सामान्य रूप से विदेश में रहते हैं और दिल्ली में सीजेपी के विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने के लिए भारत आए थे। अब कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया है।