मानसून के आखिरी दौर में देशभर के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज यानी बुधवार 30 सितंबर को पूर्वोत्तर के कई राज्यों के साथ दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। IMD ने पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा दक्षिण भारत केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में कुछ जगहों पर गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
यह भी पढ़ें: नॉर्थ इंडिया के बाद साउथ इंडिया पहुंचेगा Lahori Zeera, नए फ्लेवर भी आएंगे
UP- बिहार और दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में बुधवार को बारिश का असर पूर्वी हिस्सों में रहने की संभावना है। 30 सितंबर को अलग-अलग जगह बारिश और गरज-चमक हो सकती है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 सितंबर के बाद बारिश की गतिविधि कमजोर पड़ने का अनुमान है। बिहार में 30 सितंबर को भी कुछ इलाकों में बारिश और गरज-चमक हो सकती है। बादल और बारिश हो सकती है, हालांकि पूरे राज्य में मौसम एक जैसा नहीं रहेगा।
दिल्ली में आज बारिश की उम्मीद नहीं है, आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। शाम और रात में हवा फिर करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। दिन में धूप तेज रहने की भी संभावना है।
हाल की बारिश के पीछे बंगाल की खाड़ी से आए मौसम सिस्टम और उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की भूमिका रही। उत्तर भारत में यह सिस्टम अब कमजोर हो रहा है, इसलिए बारिश की गतिविधि में कमी आने की संभावना है।
पूर्वोत्तर-दक्षिण भारत में होगी मूसलाधार बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, आज भी देश के दो प्रमुख क्षेत्रों पूर्वोत्तर और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में मूसलाधार बारिश का दौर बना रहेगा। पूर्वोत्तर में असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं दक्षिण भारत की बात करें तो पूरे आंतरिक कर्नाटक (उत्तरी और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक), केरल व माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल में तेज बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
तमिलनाडु और रायलसीमा आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण भारत के मैदानी और तटीय इलाकों में तेज हवाओं और बिजली चमकने का असर देखा जा सकता है। वहीं रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल में अलग-अलग जगहों पर आकाशीय बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाएं चलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: होर्मुज के बाहर भारत का वादीनार क्यों बना तेल का नया ट्रांसफर पॉइंट?
आंध्र प्रदेश, ओडिशा और कर्नाटक में कैसा रहेगा मौसम?
मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत के अन्य राज्यों में भी मौसमी हलचल बने रहने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक और ओडिशा में पर आकाशीय बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा के साथ-साथ मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा और केरल व माहे में अलग-अलग जगहों पर बिजली चमकने की संभावना है। इसके अलावा, तटीय आंध्र प्रदेश के क्षेत्रों में दिन भर तेज सतही हवाएं चलती रहेंगी।
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती मौसम का असर
इसके अलावा समुद्री इलाकों की बात करें तो बंगाल की खाड़ी और पड़ोसी तटीय क्षेत्रों में स्थिति काफी खतरनाक बनी हुई है। उत्तरी म्यांमार और बांग्लादेश के तटीय इलाकों से सटे उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है।
