देश के अलग-अलद राज्यों में आज मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आज यानी 18 फरवरी को कश्मरी से लेकर कन्याकुमारी तक बारिश होने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर भारत के राज्यों में इसका ज्यादा असर देखने को मिलेगा। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज चमक और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी है। इसके साथ ही कहीं-कहीं बारिश और ओले गिरने की संभावना भी है। पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। 

 

दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो आज मौसम का रुख बदल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण सुबह से बादल छाए रहेंगे। बादलों के साथ-साथ मध्यम रफ्तार से हवाओं के चलने की भी संभावना है। दोपहर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। अगर दिल्ली में बारिश होती है तो दिल्ली वालों को लंबे समय बाद एयर पॉल्यूशन से थोड़ी राहत मिल सकती है। 

 

यह भी पढ़ें: अपनी जान देकर 10 महीने की बच्ची ने बचा ली 4 और बच्चों की जान, मिला राजकीय सम्मान

 

आज का मौसम

 

यूपी-बिहार का मौसम

आज उत्तर प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं और कुछ जगहों पर ओले गिरने की संभावना है। वहीं पूर्वी और मध्य यूपी के शहरों में धूप निकल रही है और तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। बारिश होने के कुछ ही दिनों बाद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिसका सीधा मतलब है कि आने वाले कुछ दिनों में सर्दी अलविदा कह देगी। 

 

बिहार की बात करें तो बिहार में मौसम विभाग की ओर से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। बिहार में मौसम सामान्य बना रहेगा। हालांकि, राज्य के कुछ हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है। जिसके चलते कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है। 

पंजाब, हरियाण और चंडीगढ़ में बारिश 

पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में आज मौसम में बदलाव हो सकता है। पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बादलों की गरज और चमक सुनाई देगी और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में ओलावृष्टि का खतरा अलर्ट जारी किया है। 

राजस्थान में अलर्ट

पंजाब और हरियाणा की तरह ही राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने राजस्थान में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है। 

 

यह भी पढ़ें: ‘संघ की शाखा में जाकर सीखें’, योगी आदित्यनाथ ने दी अखिलेश यादव को नसीहत

पहाड़ों पर बर्फबारी

एक तरफ उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में हल्की बारिश , तेज हवा और ओले गिरने की संभावना जताई जा रही है, वहीं पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी जारी रहने के संकेत दिए गए हैं। मौसम विभाग ने बताया कि 18 और 19 फरवरी उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, चमोली, बागेश्वर, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी है। वहीं, ऊंचाई वाले हिस्सों पर बर्फबारी होगी और बर्फीली हवाएं बहने से कोल्ड डे की स्थिति रहेगी, जिससे अभी लोगों को ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। 

 

 

हिमाचल प्रदेश में भी ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ घंटों तक बारिश और बर्फबारी से मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आज 18 फरवरी को  किन्नौर, चंबा, ताबो, लाहौल स्पीत, कुकरसेमी, कुल्लू और कांगड़ा में बारिश और बर्फबारी से मौसम सर्द रहेगा। 

 

जम्मू-कश्मीर की बात करें तो यहां भी पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने बताया कि बारिश और बर्फबारी आज भी जारी रह सकती है, जिससे शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। दक्षिण भारत की बात करें तो कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी समेत कुछ अन्य हिस्सों गरज चमक के साथ मध्यम स्तर की बारिश रिकॉर्ड की जाएगी। यानी कश्मीर से कन्याकुमारी तक आज दिनभर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।