देशभर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तर भारत में बर्फबारी, बारिश और कोहरे से लोग परेशान हैं। उत्तर भारत में आज यानी 9 फरवरी को मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 9 फरवरी को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा। इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर हिमाचल और उत्तराखंड जैसे राज्यों में मौसम खराब हो सकता है। 

 

उत्तर भारत के कई मैदानी इलाकों में भी ठंडी हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। कुछ राज्यों में हल्की बूंदाबादी होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली राजस्थान औप बिहार जैसे राज्यों में भी पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव दिखेगा। इन राज्यों में सुबह के  समय ठंड बढ़ेगी और कोहरे के कारण दृष्यता कम हो जाएगी। 

 

यह भी पढ़ें: कांग्रेस को छोड़कर पप्पू यादव को क्यों नहीं मिला गठबंधन का साथ?

9 फरवरी का मौसम

 

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 22-23 डिग्री रहने की संभावना है। दिल्ली में अभी बारिश का कोई अलर्ट मौसम विभाग ने जारी नहीं किया है। हालांकि, फरवरी के तीसरे हफ्ते में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। वहीं, पॉल्यूशन की मार झेल रहे दिल्ली एनसीआर को अभी भी राहत मिलती हुई नजर नहीं आ रही है। एयर क्वालिटी अभी भी बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। 

यूपी में अलर्ट

उत्तर प्रदेश में लोग असमंजस में हैं क्योंकि मौसम लगातार बदल रहा है। कभी धूप, कभी कोहरा तो कभी ठंडी हवा और हल्की-हल्की बारिश हो रही है। आज 9 फरवरी को फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में कोहरे ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने कोहरे के कारण कई जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत और आस-पास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाने की संभावना है।

 

बिहार की बात करें तो बिहार में भी यूपी की तरह ही घना कोहरा छाया रहेगा। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी एक से दो डिग्री की गिरावट हो सकती है। हालांकि, दिन के समय धूप के कारण ठंड से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिलेगी। 

यह भी पढ़ें: 'नियम अशांति फैलाने का साधन न बने', मंदिर में ईसाई पुजारियों के प्रवेश पर कोर्ट

पहाड़ी राज्यों का हाल

पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। जम्मू -कश्मीर में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम, कोकरनाग, कुपवाड़ा और अमरनाथ जैसे कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी होने की संभावना है। 

 

हिमाचल प्रदेश में भी कई जिलों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, हिमाचल के चंबा, किन्नौर, लाहौल स्पिति, कुल्लू, शिमला और मनाली जैसे इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। उत्तराखंड के चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बागेश्वर में बर्फबारी होने की संभावना है। इसके साथ ही मैदानी इलाकों में बारिश और कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। 

अन्य राज्यों का हाल

अन्य राज्यों की बात करें तो पंजाब और हरियाणा में कोहरा छाए रहने की संभावना है और पछुआ हवाएं भी चल सकती हैं। राजस्थान में मौसम में कोई खास बदलाव के संकेत नहीं है लेकिन आने वाले दिनों में तापमान बढ़ सकता है। इसके साथ ही मध्य भारत के राज्यों में तापमान कुछ डिग्री बढ़ सकता है और पूर्वी भारत में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।