फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने बोतल बंद पानी बेचने वाली कंपनी बिसलेरी पर बड़ी कानूनी कार्रवाई की है। कंपनी के पानी का सैंपल लैब टेस्ट में असुरक्षित पाया गया। इस विवाद पर कंपनी की प्रतिक्रिया आ गई है। कंपनी ने कहा कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है और सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में तैयार पानी के एक बैच से जुड़ा है, जो कंपनी नेटवर्क के 143 प्लांट्स में से एक है।
कंपनी का कहना है कि 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने गोवा प्लांट से पानी के छह सैंपल लिए थे। शुरुआती जांच में पांच सैंपल सभी तय मानकों पर खरे उतरे लेकिन छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली। जबकि इसकी तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। कंपनी का कहना है कि 22 नवंबर 2025 की बिसलेरी की अपील के बाद, FSSAI ने उस सैंपल को दोबारा टेस्टिंग के लिए एक रेफरल लैबोरेटरी में भेजा, जिसमें सब सही मिला।
यह भी पढ़ें: 35 साल पहले गोलियों से छलनी हुए थे ‘ज्ञानू दादा’, पुण्यतिथि पर उमड़े दिग्गज
कंपनी ने क्या कहा?
कंपनी का कहना है कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है और सितंबर 2025 में बने एक बैच से जुड़ा है। कंपनी ने कहा कि 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने गोवा फैसिलिटी से 6 सैंपल लिए थे, शुरुआती टेस्टिंग में 5 सैंपल सभी मानकों पर खरे उतरे और छठे सैंपल में ब्रोमेट 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिला, जबकि तय लिमिट 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।
इसके बाद 22 नवंबर 2025 को बिसलेरी की अपील के बाद FSSAI ने उस सैंपल को दोबारा टेस्टिंग के लिए रेफरल लैब में भेजा। जहां सैंपल में ब्रोमेट को तय लिमिट के अंदर पाया और अलग से सैंपल में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) होने की बात कही। कंपनी ने कहा कि दोनों रिजल्ट में फर्क होने से सवाल उठे, जिस पर बिसलेरी को लगा कि सफाई जरूरी है। इसके बाद बिसलेरी ने उसी सैंपल को FSSAI-अप्रूव्ड लैब में अलग से टेस्ट कराया। उस टेस्ट में भी ब्रोमेट तय लिमिट के अंदर मिला।
FSSAI से नहीं मिला कोई नोटिस
कंपनी का कहना है कि उसके बाद हमें FSSAI से कोई और जानकारी नहीं मिली और हमें लगा कि मामला बंद हो गया है। अब तक बिसलेरी को ईमेल या हार्ड कॉपी में कोई नोटिस नहीं मिला है और FSSAI की वेबसाइट पर भी वह नोटिस नहीं मिला है। कंपनी ने कहा कि पीने के पानी की सुरक्षा बिसलेरी के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसके साथ ही कंपनी ने बताया कि हम 10 स्टेप वाली मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस में 90 से ज्यादा टेस्ट के साथ सख्त क्वालिटी कंट्रोल रखते हैं। FSSAI के साथ मिलकर सही रेगुलेटरी प्रोसेस के जरिए इस मामले को सुलझाते रहेंगे।
कंपनी पर FSSAI ने की कार्रवाई
FSSAI के मुताबिक, पानी के सैंपल में ब्रोमेट की निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं मिला। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत उसे असुरक्षित घोषित किया गया। कंपनी की अपील के बाद नमूने को दोबारा जांच के लिए दूसरी फूड लैब में भेजा गया था। इस लैब ने भी उसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) पाए जाने के कारण उसे असुरक्षित बताया गया।
लैब की जांच में कानून के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थ से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया। इसके आधार पर बिसलेरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी गई है। FSSI ने सोशल मीडिया पोस्ट में वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मिमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी सहित कुछ अन्य कंपनियों के खिलाफ भी कानूनी कार्यवाही की मंजूरी देने की जानकारी दी।
