सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज संजय किशन कौल कई वजहों से सोशल मीडिया पर चर्चा में बने हुए हैं। पहले अपनी किताब ‘Without Fear or Favour’ में पूर्व CJI डीवाई चंद्रचूड़ से मतभेदों के जिक्र को लेकर और फिर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास के साथ वायरल तस्वीर को लेकर। अब ANI के साथ एक इंटरव्यू में संजय कौल ने सौरव दास के साथ वायरल तस्वीर पर चुप्पी तोड़ी है। पूर्व जज ने सौरव दास के साथ अपने संबंधों पर भी बात की है। उन्होंने कहा कि सौरव दास से उनकी मुलाकात सिर्फ दो-तीन बार हुई है। जस्टिस कौल ने कहा कि वह सौरव दास का मार्गदर्शन नहीं कर रहे हैं।
संजय कौल ने अपनी किताब में डीवाई चंद्रचूड़ पर आरोप लगाया है कि वह जजों की नियुक्ति को लेकर केंद्र सरकार से चर्चा करते थे। जब से यह रिपोर्ट सामने आई है तब से संजय कौल की राजनीतिक विचारधारा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस बीच CJP के नेता सौरव दास की दिवाली पार्टी की तस्वीर में संजय कौल के साथ दिखना चर्चा का विषय बन गया है। अब संजय कौल ने वायरल तस्वीर पर बात की है।
यह भी पढ़ें: CJP, चंद्रचूड़, Gay जज और PM मोदी, पूर्व जज संजय किशन कौल ने किस पर क्या कहा?
सौरव दास के साथ तस्वीर पर क्या बोले?
CJP के नेता सौरव दास के साथ वायरल तस्वीर पर पूर्व जज संजय किशन कौल ने ANI को दिए इंटरव्यू में कहा, ‘यह करीब एक साल पहले की बात है। वह एक पत्रकार थे और शायद मुझसे दो-तीन बार मिले थे। उन्होंने मुझसे दिवाली के समय आने की जिद की थी। मुझे कहीं और जाना था, इसलिए मैंने कहा कि ठीक है, 10 मिनट के लिए आ जाऊंगा। मैंने अपनी पत्नी से कहा कि कॉफी पीकर 10 मिनट में लौट आएंगे। बस इतनी-सी बात थी।’
यह भी पढ़ें: साथ दिखे अभय सिंह और खब्बू तिवारी, क्या दल के बाद अब दिल भी मिल रहे हैं?
सौरव दास के साथ संबंधों पर क्या बोले?
इस इंटरव्यू में जब संजय कौल से पूछा गया कि क्या वह सौरव दास का मार्गदर्शन कर रहे हैं, तो जस्टिस कौल ने कहा, ‘मैं उनका मार्गदर्शन नहीं कर रहा था, लेकिन वह एक-दो बार मुझसे मिले थे। मैंने उनसे कहा था कि अपनी भाषा थोड़ी नरम रखें। मेरी यही राय है, क्योंकि हम जिस पीढ़ी से आते हैं, उसमें लोग ज्यादा सभ्य और शालीन भाषा में बात करते हैं। मेरा मानना है कि लोगों को अपनी भाषा में थोड़ी मर्यादा रखनी चाहिए। कम से कम हमारी पीढ़ी के लोग इस तरह की भाषा सुनने के आदी नहीं हैं। कई बार ऐसी भाषा से दुख भी होता है।’
यह भी पढ़ें: ‘दिसंबर से पहले बता दूंगा’, अगले IPL में खेलने को लेकर बोले धोनी
‘सलाह दूंगा तो खबर बन जाएगी’
पूर्व जज से पूछा गया कि क्या वह सौरव दास को कोई सलाह देना चाहते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि सलाह देने पर भी खबर बन जाएगी। उन्होंने कहा, ‘मैं उन्हें किसी भी तरह की सलाह नहीं देना चाहूंगा, क्योंकि कल को इस पर खबर बन जाएगी कि मैं उन्हें सलाह दे रहा हूं।’ पूर्व जज संजय किशन कौल 25 दिसंबर 2023 को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश पद से रिटायर हुए थे। वहीं, सौरव दास CJP में शामिल होने से पहले RTI एक्टिविस्ट और खोजी पत्रकार थे। उनका काम न्यायपालिका के कामकाज से संबंधित रहा है।
