दिल्ली के जंतर मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज प्रदर्शन का आह्वान किया गया था। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी। सुबह से जो भी प्रदर्शनकारी जंतर मंतर पर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ सौरभ दास को फ्लाइट लैंड होते ही हिरासत में ले लिया गया। अब तक सैंकड़ों प्रदर्शनकारी को दिल्ली पुलिस बस में भर कर ले गई।
प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस कमर कसे हुई है। प्रदर्शनकारियों पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर विपक्षी नेता के बयान सामने आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रेसिडेंट आराधना मिश्रा (मोना) ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) पूरी तरह से डरी हुई है। वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने इस प्रदर्शन का समर्थन करते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने देश को वोटरों के साथ गद्दारी की है।
यह भी पढ़ें: अब पहाड़ों के ऊपर से आएगी डाक, हिमाचल में ड्रोन से होगी पार्सल डिलीवरी
आराधना मिश्रा बोलीं डरी हुई है बीजेपी
दिल्ली में सिक्योरिटी पाबंदियों पर, यूपी कांग्रेस प्रेसिडेंट आराधना मिश्रा मोना कहती हैं, 'यह पूरी तरह से डरी हुई BJP की तस्वीर है। देश का संविधान हर पॉलिटिकल पार्टी, ऑर्गनाइजेशन और व्यक्ति को प्रोटेस्ट करने और अपनी बात कहने का अधिकार देता है। आज देश में जो माहौल बनाया गया है, ट्रेन कैंसिल की जा रही हैं, टोल प्लाजा पर गाड़ियां रोकी जा रही हैं, और लोगों को हिरासत में लिया जा रहा है। यह डेमोक्रेसी की हत्या की कोशिश जैसा है, BJP को अब एहसास हो गया है कि उनकी उल्टी गिनती शुरू हो गई है, वे सत्ता में नहीं रहने वाले हैं।'
मनीष सिसोदिया ने किया समर्थन
आम आदमी पार्टी (AAP) नेता मनीष सिसोदिया ने कहा, 'पूरे देश का युवा और मतदाता, ज्ञानेश कुमार की वजह से ठगा हुआ महसूस कर रहा है। ज्ञानेश कुमार ने PM मोदी के कहने पर पूरे देश के मतदाता के साथ गद्दारी की है। ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगने के लिए युवाओं का प्रदर्शन चल रहा है और आम आदमी पार्टी इस प्रदर्शन का समर्थन करती है।'
कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे ने क्या कहा?
कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे कहते हैं, 'केंद्र सरकार का इरादा बिल्कुल साफ है, इलेक्शन कमीशन के खिलाफ किसी के भी किसी भी तरह के विरोध को खत्म करना।
अरविंद केजरीवाल बोले यह इमरजेंसी से भी बुरा है
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, 'यह इमरजेंसी से भी बुरा है। यह ऑफिशियल है.. हम मोदी की पूरी तानाशाही में जी रहे हैं। PM मोदी साफ जानते हैं कि उन्होंने सिर्फ वोट के लालच में चुनाव जीता था और अब वह डेमोक्रेसी को पूरी तरह से कुचलकर अपने फ्रॉड को बचाने पर तुले हुए हैं।
विपक्ष के जवाब में क्या बोली BJP
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, 'आज देश में बहुत ही खतरनाक और गंभीर स्थिति पैदा करने की कोशिश की जा रही है। देश की 140 करोड़ जनता जिसका सुख-शांति के साथ भारत के विकास में सहयोग मिल रहा है, उसे अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है और ये कौन कर रहा है?
बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी क्या बोले?
इस बीच राहुल गांधी ने इंडिया ब्लॉक के सांसदों के साथ मिलकर वोट चोरी मुद्दे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की है, इसपर सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, 'आज महामहिम राष्ट्रपति महोदया ने इंडी गठबंधन के नेताओं को मिलने का समय दिया था। राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडी गठबंधन के नेता, जो पिछले कई दिनों से अनर्गल, निराधार प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्होंने देश के सर्वोच्च संवैधानिक संस्थान, महामहिम राष्ट्रपति, जो एक व्यक्ति नहीं हैं, वो देश की सर्वोच्च संवैधानिक संस्था हैं, उसको लेकर एक ऐसा बयान दिया है, जो न सिर्फ विचित्र लगता है, बल्कि उसमें सच से ज़्यादा सियासत की गंध आ रही है।
उनका ये कहना कि महामहिम राष्ट्रपति महोदया ने उनके आरोपों को स्वीकार कर लिया है, ये दर्शाता है कि जो अभी तक राहुल गांधी देश की हर संस्था के बारे में, हर संवैधानिक संस्था को अपनी राजनीति का शिकार बनाने का दुष्चक्र रच रहे हैं, ऐसा प्रतीत होता है कि उन्होंने आज सारी सीमाएँ पार कर दीं।
