'3 इडियट्स' फिल्म के असली इंस्पिरेशन माने जाने वाले सोनम वांगचुक एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका घर है। करीब तीन साल पहले सोनम वांगचुक ने एक बार लद्दाख स्थित अपने घर की झलक दिखाई थी। यूट्यूबर अमिता छोरगिया नेगी ने अपने चैनल पर सोनम वांगचुक के घर का होम टूर वीडियो शेयर किया था जो अब काफी चर्चा में है। इसकी वजह है कि सोनम वांगचुक के घर में ना तो कोई AC लगा है और ना ही टॉयलेट में फ्लश की जरूरत पड़ती है।

 

सोनम वांगचुक एक इंजीनियर हैं जो शिक्षा सुधारक और पर्यावरण प्रेमी के रूप में भी जाने जाते हैं। इन दिनों वह दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। सोनम वांगचुक ने सौर उर्जा और पर्यावरण के अनुकूल तकनीक के क्षेत्र में अपनी खास पहचान बनाई है। सोनम ने अपने घर को भी बिल्कुल इको फ्रेंडली बनाया है। लद्दाक में बना उनका घर देखने में साधारण लगता है लेकिन इसकी ऐसी खूबियां हैं जो इसे खास बनाती हैं। 

मिट्टी से बना है पूरा घर

सोनम वांगचुक का घर लद्दाक की पुरानी शैली में बनाया गया है। घर बनाने के लिए मिट्टी और लकड़ी जैसी नेचुरल चीजों का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा घर में बड़ी-बड़ी खिड़कियां बनी हैं जिससे दिन में अच्छी धूप आती है और रोशनी भी बनी रहती है। खास बात तो यह है कि इस घर में सर्दियों में गर्म रहने के लिए सोलर हीटिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया जाता है और पानी बचाने के लिए फ्लाश वाले टॉयलेट की जगह इको-फ्रेंडली टॉयलेट लगाए गए हैं।

 

यह भी पढ़ें: TMC को ED ने दिया बड़ा झटका, 3 खातों में जमा 440 करोड़ की राशि फ्रीज

सर्दियों में भी रहता है गर्म

लद्दाक में बहुत ज्यादा ठंड पड़ती है लेकिन इस घर में हीटर की जरूरत कम पड़ती है। दरअसल वांगचुक के घर बाहरी हिस्सा पूरी तरह से लकड़ी के फ्रेम से बना हैं जबकि घर के अंदर का हिस्सा पानी की बोतलों से बना हुआ है जो सर्दियों में सूरज की गर्मी को सोखकर रात में घर को 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के तापमान पर गर्म रखती है। वांगचुक ने अपने घर को इस तरह बनाया है जिससे उनके घर में सूरज की गर्मी अदंर तक बनी रहे।

नहीं है फ्लश वाला टॉयलेट

इस घर की सबसे अलग बात इसका टॉयलेट है क्योंकि इस टॉयलेट में फ्लश करने के लिए पानी की जरूरत नहीं होती है। नॉर्मल टॉयलेट में फ्लश करने पर रोजाना पांच से दस लीटर पानी बर्बाद होता है लेकिन वांगचुक के टॉयलेट में फ्लश करने के लिए लकड़ी के बुरादे या मिट्टी का इस्तेमाल किया जाता जिससे बदबू भी नहीं आती है।

क्यों हो रही है चर्चा?

सोशल मीडिया पर सोनम वांगचुक के घर का वीडियो एक बार फिर वायरल हो रहा है। लोग इस घर को इसलिए पसंद कर रहे हैं क्योंकि यह दिखाता है कि आधुनिक सुविधाओं के साथ भी पर्यावरण का ध्यान रखा जा सकता है। ऐसे समय जहां अब पानी और उर्जा के बिना लोगों के लिए रहना मुश्किल हो गया है वहीं वांगचुक का घर यह साबित करता है कि अगर सही तरीके से घर बनाया जाए तो कम चीजों में भी आरामदायक और पर्यावरण के अनुकूल जीवन जिया जा सकता है।