तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के कल्लाकुरिची से विधायक सी. अरुल विग्नेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर एक महिला IAS अधिकारी से दुर्व्यवहार का आरोप है। आरोप है कि विधायक ने अधिकारी को अनुचित संदेश भेजा और शराब के नशे में उनके सरकारी आवास पर अभद्र व्यवहार किया। यह मामला पहली बार सोशल मीडिया पर सामने आया था।
नवंबर में आरोप लगने के बाद विधायक अरुल विग्नेश ने इनकार किया था कि वह किसी ऐसी गतिविधि में शामिल हैं। अब मामला मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की अगुवाई वाली TVK सरकार के लिए बड़ी परेशानी बना है। TVK पहली बार सत्ता में आई है।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में TVK विधायक पर लगा महिला कलेक्टर से छेड़छाड़ का आरोप
विधायक पर आरोप क्यों लगे?
9 नवंबर को DMK सांसद कनिमोई करुणानिधि ने X पर पोस्ट कर सोशल मीडिया के दावों का जिक्र किया। उन्होंने मुख्यमंत्री विजय से जवाब मांगा। 10 नवंबर को अरुल विग्नेश ने आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष गंदी राजनीति कर रहा है और उनके खिलाफ झूठे संदेश फैलाए जा रहे हैं।
विपक्ष का सरकार पर बढ़ रहा था दबाव
12 नवंबर को DMK ने DGP को याचिका देकर विधायक पर कार्रवाई की मांग की। DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन ने कहा कि विजय को दोषी विधायक पर असली कार्रवाई करनी चाहिए। उसी दिन कानून और ऊर्जा मंत्री सीटीआर निर्मल कुमार ने आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की अफवाह के आधार पर कनिमोई का बयान देना गलत है।
सहयोगी दलों ने भी दिखाया था आइना
13 नवंबर को जिले की प्रभारी मंत्री वन्नी अरसु ने कहा कि सरकारी सेवा में काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी है। वे TVK की सहयोगी पार्टी VCK से हैं। 15 नवंबर को राष्ट्रीय महिला आयोग ने खुद संज्ञान लेकर DGP से निष्पक्ष जांच के लिए कहा। आयोग ने सात दिन में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी।
पुलिस और कोर्ट में अब तक क्या हुआ
23 नवंबर को मद्रास हाईकोर्ट में सरकारी वकील आर जॉन सत्यन ने बताया कि मुख्य सचिव एम साई कुमार या पुलिस को अधिकारी की कोई शिकायत नहीं मिली थी। पहले दावा किया गया था कि अधिकारी ने 31 जुलाई को मुख्य सचिव को शिकायत दी थी। यह बात वकील आर थ्रिशूली की याचिका की सुनवाई में कही गई है। उन्होंने मामला दर्ज करने का निर्देश मांगा था। उसी दिन महिला IAS अधिकारी ने कल्लाकुरिची के पुलिस अधीक्षक को औपचारिक शिकायत दी। इसमें विधायक पर अनुचित प्रस्ताव रखने और अवांछित संदेश भेजने का आरोप लगाया गया।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में पेरियार के नाम पर बनी लाइब्रेरी पर क्यों भिड़ीं DMK और TVK?
24 नवंबर को दर्ज हुआ था केस
24 नवंबर को कल्लाकुरिची ऑल वीमेन पुलिस थाने में विधायक के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज हुआ। तिरुप्पुर की पुलिस अधीक्षक सृष्टि सिंह को जांच अधिकारी बनाया गया। पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) एन. कामिनी जांच की निगरानी करेंगी। उसी दिन सरकार ने वरिष्ठ IAS अधिकारी काकरला उषा की अध्यक्षता में चार सदस्यीय आंतरिक शिकायत समिति बनाई।
25 नवंबर को दिया गया था नोटिस
25 नवंबर को पुलिस ने विधायक को समन दिया। इंस्पेक्टर भुवनेश्वरी ने कल्लाकुरिची में उनके घर जाकर समन सौंपा और घर पर ही उनसे पूछताछ की। उसी दिन नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन ने DGP कार्यालय में याचिका देकर विधायक की तुरंत गिरफ्तारी मांगी। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक सबूत सुरक्षित रखने और CCTV फुटेज जुटाने की मांग भी की। उन्होंने जांच CBI को सौंपने और मुख्य सचिव की कार्रवाई में चूक की जांच की भी मांग की।
सरकार का रुख क्या है?
26 नवंबर को उदयनिधि स्टालिन ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को ज्ञापन देकर गिरफ्तारी की सलाह सरकार को देने की अपील की है। उसी दिन VCK संस्थापक थोल तिरुमावलवन ने कहा कि CBI जांच की जरूरत नहीं है। उनके मुताबिक राज्य सरकार उचित कानूनी कार्रवाई कर रही है।
