केंद्र सरकार परिसीमन विधेयक 2026 लाने की तैयारी में है। संसद के विशेष सत्र से पहले विपक्ष में बड़ी फूट पड़ी है। इंडिया गठबंधन के कई बड़े राजनीतिक दलों ने इस बिल के समर्थन का एलान कर दिया है। इंडिया ब्लॉक के लिए यह किसी झटके की तरह है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जैसे दल कवायद कर रहे हैं कि किसी भी हाल में परिसीमन विधेयक न पास होने पाए। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर शनिवार को INDIA ब्लॉक के नेताओं की बैठक भी बुलाई गई।
बैठक सुबह 11.30 बजे शुरू हुई है। बैठक का मकसद 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन विधेयक पर साझा रणनीति तय करना है। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी के प्रमुख प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए हैं। तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) जैसे दल भी इसका विरोध कर रहे हैं। संजय राउत ने तो यहां तक दावा किया है कि एक-एक सांसद तो केंद्र सरकार इस बिल पर समर्थन हासिल करने के लिए 150 करोड़ तक देने के लिए तैयार है।
यह भी पढ़ें: UP में 605, बंगाल में 441 सीटें, परिसीमन हुआ तो दूसरे राज्यों का हाल क्या होगा?
DMK किसका साथ देगा?
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) नेता एमके स्टालिन ने केंद्र सरकार के समर्थन का एलान किया है। एमके स्टालिन ने महिला आरक्षण और परिसीमन से संबंधित विधेयकों का समर्थन करने का फैसला किया है।
बैठक में कौन शामिल हुआ है?
बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और जयराम रमेश, तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी के रामजी लाल सुमन और कई अन्य दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया।
किन बातों पर चर्चा की गई है?
बैठक में परिसीमन से जुड़े संभावित संविधान संशोधन विधेयकों के प्रावधानों, उनके राजनीतिक और संवैधानिक प्रभावों पर चर्चा की गई है। विपक्षी सांसदों ने संसद में सरकार की पहल का विरोध करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा भी की है।
यह भी पढ़ें: परिसीमन से कैसे बदलेगा चुनावी गणित? हर राज्य में 50% सीटें बढ़ाने की तैयारी
संसद में सरकार किस कवायद में है?
संसद के वर्तमान मानसून सत्र के दूसरे चरण के तहत लोकसभा की विशेष बैठक 30 नवंबर से, जबकि राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से बुलाई गई है। सरकार इस दौरान महिला आरक्षण और परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयकों को पारित कराने की कोशिश कर रही है। शरद पवार और एमके स्टालिन की अध्यक्षता वाले राजनीतिक दलों के आने से केंद्र की स्थिति, इस विधेयक पर और मजबूत हो रही है।
कांग्रेस का इस विधेयक पर रुख क्या है?
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हताश हैं और लोकसभा में कथित धोखाधड़ी के जरिये दो-तिहाई बहुमत हासिल करना चाहते हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शुक्रवार को सरकार के संभावित कदम को संविधान पर हमला करार देते हुए कहा था कि विपक्ष पूरी ताकत और दृढ़ संकल्प के साथ इसका मुकाबला करेगा।
केंद्र सरकार का प्रस्ताव क्या है?
केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के लिए विधेयक लाने का फैसला किया है। केंद्र सरकार के नए विधेयक में जिक्र है कि सदनों की सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत तक इजाफा किया जाएगा। इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 किए जाने का प्रावधान है। नए परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और सीटों के आवंटन को वर्ष 2051 तक यथावत रखने का प्रस्ताव भी किया गया है।
कौन से विधेयक पेश किए जाएंगे?
सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करना है। सोमवार से शुरू होने वाली संसद की विशेष बैठक में तीन विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है। इनमें दो संविधान संशोधन विधेयक और एक केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित विधेयक शामिल है।
- परिसीमन आयोग का गठन: संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत परिसीमन आयोग बनाने से जुड़े नियम और प्रावधान तय किए जाएंगे।
- सीटों की सीमाओं में बदलाव: संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 के जरिए चुनावी क्षेत्रों (निर्वाचन क्षेत्रों) की सीमाओं को नए सिरे से तय करने का प्रावधान किया जाएगा।
- केंद्र शासित प्रदेशों के लिए अलग विधेयक: केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े कानूनों में जरूरी बदलाव करने के लिए एक अलग से विधेयक भी लाया जाएगा।
विधेयक में क्या प्रावधान हैं?
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को दो विधेयकों को मंजूरी दी थी। इनमें सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लोकसभा की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव है। इससे सदन की अधिकतम संख्या 850 हो जाएगी। प्रस्तावित सीट व्यवस्था अगले 25 साल तक लागू रहेगी। विधानसभाओं की संख्या भी 50 प्रतिशत बढ़ेगी, लेकिन अधिकतम सीमा 650 सीटों की रहेगी।
विधेयक में लोकसभा और विधानसभाओं की एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रावधान है। इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की आरक्षित सीटें भी शामिल हैं। लोकसभा में यह करीब 270 सीटें होंगी।
नए चुनाव क्षेत्र तय करने के लिए तीन सदस्यीय आयोग बनेगा। इसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या सेवानिवृत्त जज करेंगे, जिन्हें केंद्र नियुक्त करेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त या उनकी ओर से नामित चुनाव आयुक्त भी इसके सदस्य होंगे। तीसरे सदस्य संबंधित राज्य के राज्य चुनाव आयुक्त होंगे। मेघालय और नागालैंड में तीसरे सदस्य को राज्यपाल नामित करेंगे।
यह भी पढ़ें: TMC के 20 बागी सांसद क्या परिसीमन पर वोट दे सकेंगे? स्पीकर का फैसला अहम
इंडिया ब्लॉक ने किन दलों से समर्थन मांगा?
- कांग्रेस
- तृणमूल कांग्रेस (TMC)
- समाजवादी पार्टी (SP)
- द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK)
- आम आदमी पार्टी (AAP)
- बीजू जनता दल (BJD)
इंडिया ब्लॉक के साथ कौन हैं?
- कांग्रेस
- तृणमूल कांग्रेस
- समाजवादी पार्टी
- INDIA गठबंधन के अन्य घटक दल।
DMK कैसे NDA का साथ देने के लिए तैयार?
दयानिधि मारन, DMK सांसद:-
उत्तर प्रदेश, बिहार और तमिलनाडु तीनों को 50-50 प्रतिशत वृद्धि मिल रही है, जो यथास्थिति है। इस तरह अगले 25 सालों तक महिलाओं के आरक्षण के साथ हमारे अधिकार सुरक्षित रहेंगे।
DMK प्रमुख एमके स्टालिन की अध्यक्षता में चेन्नई में पार्टी सांसदों की बैठक हुई। इसमें पार्टी ने परिसीमन विधेयकों के समर्थन में प्रस्ताव पास किया है। चेन्नई में डीएमके सांसदों की मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के साथ बैठक खत्म होने के बाद पार्टी सांसद दयानिधि मारन ने कहा कि हम इस स्थिति के साथ लंबे समय से जी रहे हैं और यह हमारे लिए कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर पूरे देश में लोकसभा सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाई जाती हैं तो मौजूदा हालत जस की तस रहेगी और कोई भी राज्य न ज्यादा नुकसान उठाएगा, न ज्यादा फायदा।
दयानिधि मारन ने कहा, 'हमारी मांग मान ली गई है। हम चाहते हैं कि या तो परिसीमन हो ही न, या हो तो दक्षिणी राज्यों की सीटें कम न हों और उत्तरी राज्यों को असमान रूप से ज्यादा सीटें न मिलें।'
ए. राजा, DMK सांसद:-
हमारी लगातार यही मांग रही है कि 7.18 प्रतिशत के अनुपात में कोई बदलाव नहीं होना चाहिए। अभी इसे बरकरार रखा गया है। बेशक, कुछ प्रक्रियात्मक मुद्दे हैं। हम उन पर ध्यान देंगे। अगर जरूरत पड़ी तो हम संशोधन का प्रस्ताव देंगे।
परिसीमन के क्या फायदे गिना रहे स्टालिन?
एमके स्टालिन ने कहा, 'हमें बिना भावुक हुए, शांति से इस बात पर विचार करना चाहिए कि अगर हम इस विधेयक को हाथ से जाने देते हैं तो क्या होगा? इस विधेयक में 1971 की जनसंख्या के आधार पर सभी राज्यों के लिए निर्वाचन क्षेत्रों में 50 फीसदी की वृद्धि का प्रावधान है।'
एमके स्टालिन, DMK चीफ:-
DMK उस विधेयक का समर्थन करती है जिसमें निष्पक्ष परिसीमन की मांगें शामिल हैं। जिन दो मांगों को लेकर हमने पिछले अप्रैल में परिसीमन विधेयक का विरोध किया था। उन्हें नए विधेयक में लिखित रूप से शामिल कर लिया गया है। यह 2024 से DMK द्वारा किए जा रहे निरंतर संघर्षों की जीत है। तमिलनाडु सहित सभी दक्षिणी राज्यों की जीत है।
एमके स्टालिन ने कहा, 'सभी मुद्दों की अच्छी तरह से जांच करने के बाद, DMK ने आज सांसदों की बैठक में परिसीमन का समर्थन करने का निर्णय लिया है। यह व्यावहारिक रूप से संभव है और हमारे लिए फायदेमंद है।'
शरद पवार कैसे साथ आ गए?
एनसीपी (शरद पवार) ने परिसीमन पर केंद्र का साथ देने का वादा किया है। शरद गुट के पास 8 सांसद हैं। कहा जा रहा है कि सुप्रिया सुले को कैबिनेट बर्थ में हिस्सा भी मिल सकता है। शरद पवार खुद बीमार हैं और सुप्रिया सुले पार्टी का नेतृत्व कर रही हैं। उनका झुकाव केंद्र की ओर देखने को मिल रहा है।
NCP और DMK के साथ आने से क्या होगा?
एनसीपी (एसपी) के आठ सांसद और डीएमके के 22 सांसद इस विधेयक को पास कराने में सरकार के लिए अहम माने जा रहे हैं। अप्रैल में यही विधेयक संयुक्त विपक्ष के विरोध में हार गया था। एनसीपी (एसपी) शनिवार को इंडिया गठबंधन की बैठक में भी शामिल नहीं होगी, जो कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के घर पर होनी है।
NCP के रुख पर कांग्रेस और (शिवसेना UBT) ने क्या कहा?
महाराष्ट्र कांग्रेस ने NCP (SP) पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नाराज है क्योंकि शरद पवार के दल ने परिसीमन विधेयक पर बीजेपी सरकार का साथ देने का फैसला किया है। कांग्रेस ने इसे विपक्षी खेमे को छोड़ने वाला कदम बताया। कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि शरद पवार को हमेशा लोगों की पीठ में छुरा घोंपने का इतिहास रहा है। उन्होंने एनसीपी को सत्ता की भूखी पार्टी करार दिया और कहा कि पवार अब पानी से बाहर निकली मछली जैसे हो गए हैं। उनके पास कोई असली विचारधारा नहीं बची।
शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने शनिवार को कहा कि अगर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया है तो यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण कदम है। उन्होंने इसे एकतरफा फैसला बताया और कहा कि महाराष्ट्र की जनता इसे मंजूर नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी को मजबूत करना महाराष्ट्र और मराठी लोगों के साथ गद्दारी है, जिसे लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे। सांसदों की संख्या 543 से बढ़ाकर 806 करना और फिर अपनी मर्जी से सीमांकन करना लोगों के अधिकार हमेशा के लिए छीन लेने जैसा है। यह बीजेपी की साजिश है।
सरकार ने क्या कहा?
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के सभी 80 लोकसभा सांसदों से विधेयक का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे 2029 से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का रास्ता खुलेगा। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष से समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को लोकसभा की 120 सीटें मिल सकती हैं। BJP सांसद अनुराग ठाकुर और उत्तर प्रदेश BJP अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी विधेयक का समर्थन किया।
चिराग पासवान, केंद्रीय मंत्री:-
जिस तरीके से INDI गठबंधन में दरारें देखने को मिली, कई ऐसे घटक दल जो आज हमारी सरकार का साथ देने को तैयार हैं ये दर्शाता है कि कहीं ना कहीं INDI गठबंधन में दरार है। मैं मानता हूं कि ये एक अच्छा प्रस्ताव है जिससे हर राज्य को लाभ होगा।
विपक्ष ने क्या कहा है?
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने BJP पर संविधान पर हमला करने का आरोप लगाया। राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा कि सरकार का मकसद अगले 30 से 40 साल सत्ता में रहना है। उनके मुताबिक महिला आरक्षण मौजूदा 543 सीटों में भी तुरंत लागू हो सकता है।
RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार को सभी दलों के साथ चर्चा करनी चाहिए थी। RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि INDIA ब्लॉक सरकार के दोहरे रवैये को उजागर करेगा। तेलंगाना के कांग्रेस नेता मधु यास्खी गौड़ ने कहा कि 50 प्रतिशत बढ़ोतरी से दक्षिणी राज्य नुकसान में रहेंगे।
आगे संसद में क्या होगा?
लोकसभा की बैठक सोमवार को होगी। राज्यसभा बुधवार को फिर बैठेगी। इस विशेष बैठक में 132वां संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन (दूसरा) विधेयक पेश होने की उम्मीद है। संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा और राज्यसभा, दोनों में दो-तिहाई बहुमत चाहिए। साथ ही कम से कम आधे राज्यों की मंजूरी भी जरूरी है।
सूत्रों के मुताबिक उसे विधेयक पास कराने के लिए जरूरी समर्थन मिलने का भरोसा है। NCP (एसपी) की सुप्रिया सुले के INDIA ब्लॉक की बैठक में शामिल न होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी प्रमुख शरद पवार की तबीयत खराब है।
अचानक क्यों NDA के साथ आए धुर विरोधी दल?
परिसीमन विधेयक में प्रमुख शर्तें शामिल होने के बाद डीएमके और एनसीपी (एसपी) ने केंद्र सरकार को समर्थन देने का फैसला किया है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि शरद पवार ने पार्टी में संभावित टूट रोकने और सांसदों-विधायकों को एकजुट रखने के लिए समर्थन को जरूरी बताया है।
डीएमके का तर्क अलग है। डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने इसे निष्पक्ष परिसीमन की जीत बताते हुए समर्थन दिया है। संशोधित बिल में तमिलनाडु की लोकसभा हिस्सेदारी बरकरार रखने का फैसला किया गया है।
साल 1971 की जनगणना का अनुपात अगले 25 साल तक फ्रीज रखने और सभी राज्यों में समान रूप से 50 फीसदी सीटें बढ़ाने के प्रावधान लिखित रूप में शामिल किए गए हैं। दोनों दलों के साथ आने से एनडीए दो-तिहाई बहुमत के करीब पहुंच गया है। हो सकता है कि 30 नवंबर को यह विधेयक केंद्र सरकार पास कराने में कामयाब हो जाए।
