उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का विवाद सड़कों पर है। गठबंधन में सीटों के बंटवारे के लिए जारी बातचीत के बीच ही दोनों तरफ से खुलकर बयानबाजी हो रही है। सीटों की संख्या को लेकर विवाद ऐसा है कि कांग्रेस सांसद इमरान मसूद कभी मायावती की तारीफ कर रहे हैं तो कभी चंद्रशेखर आजाद को अपना छोटा भाई बता रहे हैं। ऐसी ही घटनाओं के चलते मध्य प्रदेश, बिहार और हरियाणा में कांग्रेस अपना मुंह जला चुकी है लेकिन ऐसा लगता है कि उसने अभी भी इससे सीख ली है। इस बार भी कांग्रेस की ओर से बात कर रहे कुछ नेताओं की अपरिपक्वता दिख रही है। बिहार में भी कमोबेश ऐसा हुआ था और आखिर तक ऊहापोह की स्थिति बनी रही। इसके उलट कई राज्यों में कांग्रेस की ओर से जब अनुभवी नेताओं ने बातचीत की और गठबंधन को कामयाबी भी मिली। 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भी खींचतान हुई थी लेकिन ऐसी स्थिति देखने को नहीं मिली थी।

 

इस बार सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों तरफ से कमेटी बनाई गई है। अभी तक हुई बातचीत में कांग्रेस की ओर से यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और केसी वेणुगोपाल का नाम है। हालांकि, अभी तक केसी वेणुगोपाल अभी तक इस बैठक में शामिल नहीं हुए हैं। सपा की ओर से राज्यसभा सांसद प्रोफेसर राम गोपाल, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन शामिल हुई हैं। अब तक हुई बैठकों के बाद जिस तरह से इमरान मसूद के बयान आए हैं, उसकी आलोचना दबे स्वर में ही सही उनकी ही पार्टी में भी हो रही है।

 

यह भी पढ़ें: जहूराबाद के साथ दूसरी सीट पर भी नजर, राजभर के इस सियासी दांव के क्या हैं मायने?

 

कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने और राकेश राठौर ने  इशारों-इशारों में ही इमरान मसूद को नसीहत भी दे डाली है। राजेंद्र पाल गौतम ने भी बयानबाजी की है लेकिन प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने संतुलित बयान दिए हैं। रोचक बात है कि भले ही इमरान मसूद और राजेंद्र पाल गौतम इन दिनों बड़े पदों पर हैं लेकिन दोनों ही अलग-अलग पार्टियों में होते हुए कांग्रेस तक आए हैं। वहीं, आराधना मिश्रा मोना, केसी वेणुगोपाल और मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे नेता लंबे समय से कांग्रेस के प्रति वफादार रहे हैं और पहले कई बार गठबंधन की बातचीत में ऐसे नेताओं का शामिल होना कांग्रेस के लिए फायदेमंद भी रहा है।

महाराष्ट्र और जम्मू-कश्मीर में अनुभवी नेताओं ने आसान किया था काम 

इससे पहले महाराष्ट्र के लोकसभा चुनाव और जम्मू-कश्मीर के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेता आसानी से गठबंधन बनाने में कामयाब रहे हैं। इन दोनों ही चुनावों में गठबंधनों को चुनावी कामयाबी भी मिली थी। तमाम खींचतान के बावजूद महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में भी आसानी से गठबंधन बन गया था। हालांकि, इस गठबंधन को जीत नहीं मिल पाई थी। 

 

महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, शिवसेना (UBT) और एनसीपी (शरद पवार) ने मिलकर चुनाव लड़ा था। शुरुआत में चर्चा थी कि हर दल को 85 सीटें मिलेंगी। हालांकि, कांग्रेस ने अपने पुराने वफादार नेताओं के जरिए बात की और 102 सीटें लेने में कामयाब रही। तब कांग्रेस की ओर रमेश चेन्निथला, नाना पटोले, बाला साहब थोराट और मुकाल वासनिक जैसे नेता इस गठबंधन पर काम कर रहे थे। ये सभी नेता नपी-तुली बातें बोलने के लिए जाने जाते हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'लातों के भूत बातों से नहीं मानते', यश माहेश्वरी पर भड़कीं RJD और BJP

 

उसी साल हुए जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ गठबंधन किया था। तब कांग्रेस की ओर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी , के सी वेणुगोपाल, सलमान खुर्शीद और पवन खेड़ा जैसे नेताओं ने बात की और बहुत आसानी से गठबंधन बन गया। यह गठबंधन सत्ता में भी आ गया।

 

2024 के लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने दिग्गज और अनुभवी नेताओं मुकुल वासनिक, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, सलमान खुर्शीद और मोहन प्रकाश की एक समिति बनाई थी। इन पांचों के अलावा राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और मल्लिकार्जुन खड़गे भी बात कर रहे थे। इस चुनाव में भी गठबंधन काफी हद तक सफल हुआ था।

कहां खराब हुआ खेल?

बिहार के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ने कृष्णा अलावरू को प्रदेश प्रभारी बनाया था। उनके कहने पर ही अखिलेश प्रताप सिंह को हटाकर राजेश राम को प्रदेश अध्यक्ष बनवा दिया था। उन पर मनमानी के आरोप भी लगे थे। वह कांग्रेस के लिए ज्यादा सीटों की मांग कर रहे थे और यही मांग दोनों के संबंधों को खराब करती गई। आखिर में सीटों का बंटवारा हुआ लेकिन कई सीटों पर कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों के उम्मीदवार आमने-सामने आ गए थे। आखिर में नतीजा यह हुआ कि यह गठबंधन बहुत बुरी तरह चुनाव हार गया और बिहार में कांग्रेस-आरजेडी के संबंधों में भी दरार आई।

 

यह भी पढ़ें: पंजाब में AAP की वापसी, UP में कांटे की टक्कर, नया सर्वे किसको देगा खुशी?

 

इसी तरह हरियाणा में भी कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन की चर्चा थी लेकिन बात नहीं बनी। मध्य प्रदेश के चुनाव में भी दोनों दलों के साथ आने की चर्चा थी लेकिन तब अनुभवी नेता कमलनाथ ने 'कौन अखिलेश-वखिलेश' कह दिया था। इन दोनों ही राज्यों में कांग्रेस की हार हुई। भले ही इस हार के अन्य कारण भी हों लेकिन जिन सीटों पर सपा के साथ आने से जीत मिल सकती थी, वे सीटें भी कांग्रेस के हाथ से छिटक गईं।

उत्तर प्रदेश में बड़बोलापन बिगाड़ेगा खेल?

उत्तर प्रदेश में इससे पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय थे। जैसे ही राजेंद्र पाल गौतम प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी बने वैसे ही अजय राय को हटाने की चर्चा शुरू हो गई। कई बार यह भी देखा गया कि दोनों एक-दूसरे को लेकर सहज नहीं थे। आखिर में अजय राय की जगह आराधना मिश्रा मोना को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। इसी के साथ इमरान मसूद को प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया गया। राजेंद्र पाल गौतम ने भी शुरुआत से यही कहा कि सीटों की संख्या बराबर होगी। इसके उलट, समाजवादी पार्टी की ओर से कभी भी सीटों की संख्या को लेकर बयानबाजी नहीं की।

 

यह भी पढ़ें: 'पहले आने तो दो, हो सकता है बिल अच्छा हो', डीलिमिटेशन पर सुप्रिया सुले का बयान

 

पहले राजेंद्र पाल गौतम और फिर इमरान मसूद लगातार बयानबाजी करते रहे और इस बयानबाजी ने दोनों दलों के रिश्तों में दरार भी डाली। कहा जाता है कि इमरान मसूद की गतिविधियों के चलते ही सपा ने अपनी पहली लिस्ट में उन सीटों के नाम भी शामिल किए जिनको लेकर इमरान मसूद दावा ठोंक रहे थे। अब नतीजा यह है कि दोनों दल अजीब स्थिति में पहुंच गए हैं।

 

हालांकि, अभी दोनों दलों की ओर से कहा जा रहा है कि बातचीत जारी रहेगी और गठबंधन हो जाएगा। इसके बावजूद इमरान मसूद लगातार बयान दे रहे हैं और अब उनके जवाब में सपा की ओर से भी बयानबाजी होने लगी है। अब देखना यह है कि आखिर तक यह स्थिति खत्म होती है या नहीं। साथ ही, यह भी देखना होगा कि कांग्रेस इमरान मसूद और उनके जैसे अन्य नेताओं को चुनाव तक कैसे संभालती है।