शरदचंद्र गोविंदराव पवार यानी शरद पवार 85 साल के हैं। फिलहाल वह बीमार चल रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद महाराष्ट्र से लेकर केंद्र की राजनीति तक में उनकी अहम भूमिका बनी हुई है। अपने लंबे राजनीतिक सफर में उन्होंने कई बार ऐसे फैसले लिए हैं जिनसे राजनीतिक समीकरण बदल गए। अब एक बार फिर वे अपने फैसले को लेकर चर्चा में हैं। उनकी पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP, SP) ने केंद्र सरकार के परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन किया है।

 

इस फैसले पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि इसी साल राज्यसभा चुनाव में उसने शरद पवार की वापसी के लिए अपनी सीट छोड़ दी थी, लेकिन अब उनकी पार्टी केंद्र सरकार के प्रस्ताव का समर्थन कर रही है। इस बीच ऐसी खबरें भी सामने आई हैं कि परिसीमन के समर्थन के बदले शरद पवार ने अपनी बेटी सुप्रिया सुले के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मांगी है।

 

शरद पवार का राजनीतिक सफर करीब पांच दशक से लंबा है। इस दौरान उन्होंने कई बार अपनी पार्टी और राजनीतिक सहयोगियों को बदला है। कभी कांग्रेस से बगावत कर अपनी सरकार बनाई तो कुछ साल बाद उसी कांग्रेस में वापस लौट गए। 1999 में सोनिया गांधी के विदेशी मूल का मुद्दा उठाकर कांग्रेस छोड़ी और अपनी पार्टी बना ली। लेकिन महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से ही गठबंधन कर लिया। 2014 में भाजपा को बाहर से समर्थन दिया तो 2019 में शिवसेना और कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनवाई।

कांग्रेस से बगावत कर बने मुख्यमंत्री

शरद पवार का जन्म 12 दिसंबर 1940 को महाराष्ट्र के बारामती में हुआ था। वे 1967 में 27 साल की उम्र में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के टिकट पर पहली बार विधायक बने थे। इसके बाद उन्होंने ने 1978 में कांग्रेस से अलग होकर अपनी अलग पार्टी बनाई। उस समय महाराष्ट्र में वसंतदादा पाटिल की सरकार थी। पवार भी इस सरकार में मंत्री थे। उन्होंने कुछ विधायकों के साथ मिलकर सरकार से समर्थन वापस ले लिया। इससे सरकार अल्पमत में आ गई और वसंतदादा पाटिल को इस्तीफा देना पड़ा।

 

इसके बाद शरद पवार ने जनता पार्टी और दूसरे दलों के साथ मिलकर सरकार बनाई। जुलाई 1978 में वे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बन गए। उस समय उनकी उम्र 38 साल थी। वे राज्य के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने। हालांकि, उनकी सरकार ज्यादा समय तक नहीं चली। 1980 में केंद्र में इंदिरा गांधी की सरकार बनने के बाद महाराष्ट्र की उनकी सरकार बर्खास्त कर दी गई।

 

1980 में सरकार जाने के बाद शरद पवार ने कांग्रेस (एस) के साथ अपनी राजनीति जारी रखी। वे महाराष्ट्र में विपक्ष की भूमिका में रहे। लेकिन 1986 में उन्होंने फिर कांग्रेस में लौटने का फैसला किया। जिस पार्टी से अलग होकर उन्होंने अपनी सरकार बनाई थी, उसी में वे वापस आ गए। कांग्रेस में वापसी के दो साल बाद 1988 में वे फिर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने। इस तरह पवार ने दूसरी बार कांग्रेस के साथ अपनी राजनीतिक पारी शुरू की और सत्ता तक पहुंचे।

सोनिया गांधी के विदेशी मूल का मुद्दा उठाया

1999 में शरद पवार ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विदेशी मूल का मुद्दा उठाया। उनके साथ पीए संगमा और तारिक अनवर भी थे। तीनों नेताओं का कहना था कि देश के प्रधानमंत्री पद के लिए किसी भारतीय मूल के व्यक्ति को आगे किया जाना चाहिए। इस मुद्दे पर कांग्रेस में विवाद बढ़ गया। इसके बाद तीनों नेताओं को पार्टी से निकाल दिया गया। 10 जून 1999 को शरद पवार ने अपनी नई पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) बना ली। इस तरह उन्होंने एक बार फिर कांग्रेस से अलग होकर अपनी राजनीतिक राह चुनी।

कांग्रेस से अलग हुए फिर बनाई सरकार

कांग्रेस से अलग होकर नई पार्टी बनाने के कुछ महीने बाद ही शरद पवार ने कांग्रेस के साथ गठबंधन कर लिया। 1999 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला था। ऐसे में सरकार बनाने के लिए NCP और कांग्रेस साथ आ गए।

 

दोनों पार्टियों ने मिलकर महाराष्ट्र में सरकार बनाई। यह गठबंधन कई साल तक चला। 2004 में केंद्र में भी कांग्रेस के नेतृत्व वाली UPA सरकार बनी। इसमें NCP शामिल हुई और शरद पवार को केंद्रीय कृषि मंत्री बनाया गया। जिस कांग्रेस से अलग होकर उन्होंने अपनी पार्टी बनाई थी, उसी के साथ उन्होंने केंद्र और महाराष्ट्र दोनों जगह सरकार में काम किया।

भाजपा को बाहर से समर्थन दिया

2014 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन उसके पास बहुमत नहीं था। उस समय शरद पवार ने भाजपा की सरकार को बाहर से समर्थन देने का ऐलान किया। इस फैसले की चर्चा इसलिए हुई, क्योंकि NCP और भाजपा अलग-अलग राजनीतिक गठबंधनों में थे। हालांकि, बाद में शिवसेना भी भाजपा सरकार में शामिल हो गई। इसके बाद NCP के बाहर से दिए गए समर्थन की जरूरत नहीं रही।

 

यह भी पढ़ें: 'विधानसभा चुनाव में RJD की तरफ से CM का ऑफर मिला', चिराग पासवान ने किया खुलासा

जब अजीत पवार ने की बगावत

जुलाई 2023 में शरद पवार के भतीजे अजित पवार ने पार्टी के कई विधायकों के साथ बगावत कर दी। वे एकनाथ शिंदे की सरकार में शामिल हो गए और उपमुख्यमंत्री बन गए। इसके बाद NCP दो गुटों में बंट गई। अजित पवार ने पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न पर दावा किया। शरद पवार ने इसका विरोध किया। फरवरी 2024 में चुनाव आयोग ने अजित पवार के गुट को असली NCP माना और उसे पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न दे दिया। इसके बाद शरद पवार के गुट को NCP (शरदचंद्र पवार) नाम मिला।

 

यह भी पढ़ें: एक हार्ट अटैक ने इंदिरा-फिरोज को करीब लाया, सोनिया गांधी ने किताब में बताया?

सुप्रिया सुले के लिए मांगा पद?

अब 2026 में परिसीमन के मुद्दे पर शरद पवार की पार्टी का रुख चर्चा में है। केंद्र सरकार ने लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने से जुड़ा प्रस्ताव पेश किया है। शरद पवार की पार्टी ने इसका समर्थन किया है। पार्टी के नेता जितेंद्र आव्हाड ने 27 नवंबर को शरद पवार से मुलाकात के बाद समर्थन की बात कही थी।

 

इस फैसले के बाद कांग्रेस ने नाराजगी जताई। कांग्रेस का कहना है कि राज्यसभा चुनाव में उसने शरद पवार को दोबारा राज्यसभा भेजने के लिए अपनी सीट का दावा छोड़ दिया था। इसके बावजूद उनकी पार्टी ने केंद्र सरकार के परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन किया।

 

इस बीच ऐसी खबरें भी सामने आई हैं कि शरद पवार ने परिसीमन के समर्थन के बदले अपनी बेटी सुप्रिया सुले के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मांगी है। महाराष्ट्र में भी पार्टी के नेताओं को मंत्री बनाने की मांग की चर्चा है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।