बहुजन समाज पार्टी (BSP) में आकाश आनंद की सक्रिय राजनीति में वापसी को लेकर मायावती ने बड़ा संकेत दिया है। इसके बाद आकाश की वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी में उनकी वापसी एक खास शर्त पूरी करने के बाद ही होगी। इस त्याग के बारे में BSP प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए जानकारी दी है।
मायावती ने कहा है कि आकाश को पार्टी में दोबारा अहम जिम्मेदारी तभी मिल सकती है जब उनके ससुर और पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ पूरी तरह राजनीति से संन्यास ले लें। उनके मुताबिक सिद्धार्थ के राजनीति से पूरी तरह दूर होने के बाद ही पार्टी आकाश को दोबारा जिम्मेदारी देने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। मायावती ने हाल ही में अशोक सिद्धार्थ को BSP से निष्कासित किया था।
यह भी पढ़ें: गरबा पर VHP-RSS से अलग है अमृता फडणवीस का रुख, महाराष्ट्र में क्या बवाल मचा है?
अशोक सिद्धार्थ से क्यों नाराज हैं मायावती?
मायावती ने अशोक सिद्धार्थ को पार्टी के खिलाफ काम करने वालों पर कार्रवाई का उदाहरण बताया। उनका आरोप है कि सिद्धार्थ ने BSP के मिशन की तुलना में अपने निजी और पारिवारिक हितों को ज्यादा महत्व दिया। मायावती के मुताबिक, इसका नुकसान सिद्धार्थ के साथ-साथ उनके दामाद आकाश आनंद को भी हुआ। उन्होंने सिद्धार्थ से राजनीति से पूरी तरह संन्यास लेने को कहा। मायावती के अनुसार, उनके राजनीति से हटने पर आकाश स्वतंत्र रूप से काम कर सकेंगे और पार्टी उन्हें दोबारा जिम्मेदारी पर विचार कर सकती है।
यह भी पढ़ें: शिव कथा के मंच पर सियासी संगम! मनोज पांडे के आयोजन में राजा भैया की एंट्री
अशोक सिद्धार्थ कौन हैं?
अशोक सिद्धार्थ BSP के पुराने और बड़े नेताओं में गिने जाते रहे हैं। वह पेशे से आंखों के डॉक्टर हैं। सरकारी नौकरी के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बड़े पदों पर काम किया। साल 2007 में जब वह कन्नौज के गुरसहायगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात थे, तब उन्होंने सरकारी नौकरी से इस्तीफा दे दिया और BSP में शामिल हो गए। अशोक सिद्धार्थ BSP के टिकट पर विधायक भी रह चुके हैं। इसके अलावा वह राज्यसभा के पूर्व सांसद भी हैं। लंबे समय तक उन्होंने पार्टी संगठन में कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं। इस दौरान वह मायावती के करीबी और भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते रहे।
अशोक सिद्धार्थ एक और वजह से भी चर्चा में रहे हैं। वह आकाश आनंद के ससुर हैं। दरअसल, अशोक सिद्धार्थ की बेटी डॉ. प्रज्ञा सिद्धार्थ की शादी आकाश आनंद से हुई है। आकाश आनंद, मायावती के भतीजे हैं और लंबे समय से BSP में उन्हें पार्टी के युवा और भविष्य के चेहरे के तौर पर आगे बढ़ाया जाता रहा है।
