भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पांच राज्यों में सोशल मीडिया की टीमों का गठन कर दिया है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के लिए सोशल मीडिया प्रभारी और सदस्यों की नियुक्ति के संबंध में सोशल मीडिया के जरिए लेटर जारी किया है। इन पांचों राज्यों में कई राज्यों के नेताओं की जिम्मेदारी लगाई गई है। सोशल मीडिया के प्रभाव को देखते हुए इन नियुक्तियों को अहम माना जा रहा है।
पार्टी की ओर से जारी इस नियुक्ति पत्र पर बीजेपी के राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक दीपक म्हस्के के सिग्नेचर हैं। उन्होंने इस आदेश में लिखा है कि यह सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। इन नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने अलग-अलग राज्यों में डिजिटल प्रचार और सोशल मीडिया से जुड़े कामों को संभालने के लिए नेताओं की जिम्मेदारी तय की है।
यह भी पढ़ें: पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध के पक्ष में नहीं, भावनाओं को समझते हैं- सुप्रीम कोर्ट
किसे मिली जिम्मेदारी?
उत्तर प्रदेश में गुजरात के पंकज शुक्ला को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ रोहित उपाध्याय, हिरेंद्र कौशिक, मितुल कोठारी, पुनीत अग्रवाल, मनीष पांडे और कावन मेहता को टीम में शामिल किया गया है। इस लिस्ट में छत्तीसगढ़ के मितुल कोठारी का नाम भी शामिल है। वहीं, उत्तराखंड में गुजरात के मनन दानी को प्रभारी बनाया गया है, जबकि छत्तीसगढ़ के सोमेश पांडे को सदस्य की जिम्मेदारी मिली है। बीजेपी की ओर से जारी लिस्ट में अलग-अलग राज्यों के नेताओं को दूसरे राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई है।
पंजाब में किसे मिली कमान?
पंजाब में हिमाचल प्रदेश के चेतन ब्रागटा को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ स्वयं बराल और राहुल अवस्थी को सदस्य नियुक्त किया गया है। गोवा में मुंबई के प्रतीक कापरे को प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है, जबकि तेलंगाना के सुमिरन कोम्माराजू टीम के सदस्य होंगे। मणिपुर में पश्चिम बंगाल के उपमन्यु भट्टाचार्य को प्रभारी बनाया गया है। वहीं, त्रिपुरा के अरिंदम देब को सदस्य नियुक्त किया गया है।
चुनाव की तैयारी में जुटी बीजेपी
भारतीय जनता पार्टी अब आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुट गई है। पार्टी की ओर से पांचों राज्यों में कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी दी जा रही है। इसके साथ ही केंद्र के वरिष्ट नेता और पीएम मोदी अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष समेत तमाम दिग्गज अब इन राज्यों के दौरे करने लगे हैं। बीजेपी के लिए 2024 में लगे झटके के बाद इन राज्यों के चुनाव काफी अहम माने जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: चक्रवात अर्नब तो कमजोर हो गया लेकिन एक नया सिस्टम हुआ एक्टिल, IMD ने क्या बताया?
युवा मोर्चा में नियुक्तियां
भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से मध्य प्रदेश यूनिट में भी नियुक्तियां की गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने प्रदेश में संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा के संबंध में लेटर जारी कर दिया है। इस लिस्ट में 19 जिलों में जिला अध्यक्ष और जिला महामंत्रियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबलपुर नगर में रविंद्र तिवारी को जिला अध्यक्ष और श्रीकांत वर्मा को जिला महामंत्री बनाया गया है। वहीं, भिंड में अभिषेक मिश्रा, श्योपुर में ईश्वर जाट, सागर में जसवंत राठौर, निवाड़ी में संदेश नायक, मैहर में दिलीप पटेल, उमरिया में आशुतोष तिवारी, डिंडोरी में सत्यम मानिकपुरी, मंडला में उत्कर्ष यादव और बालाघाट में अमन गांधी को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।
इसके अलावा इंदौर ग्रामीण में अजय पंवार, धार नगर में तरुण सिसोदिया, नीमच में रवि पाटीदार, सिवनी में योगेश शिवहरे, छिंदवाड़ा में कुबेर सूर्यवंशी, नर्मदापुरम में कुलदीप रघुवंशी, रायसेन में प्रतीक द्विवेदी, अनूपपुर में अटल चौहान और मंदसौर में मनोहर चौहान को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सूची में विभिन्न जिलों के जिला महामंत्रियों के नाम भी घोषित किए गए हैं।
