बिहार में पांच राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने हैं और इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का नाम फिर से उछलने लगा है। अब तक सक्रिय राजनीति से दूर चल रहे निशांत कुमार के बारे में अब जनता दल (यूनाइटेड) के कई वरिष्ठ नेता खुलकर कहने लगे हैं कि उनका राजनीति में आना तय है। जेडीयू के नेता और बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने तो कहा है कि फैसला हो गया है कि निशांत राजनीति में आएंगे और अब बस औपचारिक एलान बाकी है। उन्होंने इसे 'होली गिफ्ट' बताया है। वहीं, जेडीयू नेता अशोक चौधरी का कहना है कि निशांत कुमार, बॉडी लैंग्वेज, हाव-भाव और तमाम चीजों में अपनी पिता नीतीश कुमार की कॉपी हैं।
चर्चा है कि बिहार की पांचों सीटों पर अपना कब्जा जमाने के लिए जेडीयू और बीजेपी की कोशिश यह है कि ऐसे नेताओं को उतारा जाए जिनका विरोध कोई न करे। एक नाम बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का माना जा रहा है और अब निशांत कुमार का नाम भी चर्चा में आ गया है। दरअसल, जेडीयू से राज्यसभा जाने वालों में मौजूदा डिप्टी स्पीकर हरिवंश नारायण सिंह, रामनाथ ठाकुर के नाम हैं। वहीं, मनीष वर्मा भी दावेदारी ठोक रहे हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि दावेदारी के चलते होने वाले इस टकराव को रोकने के लिए निशांत को राज्यसभा भेजा जा सकता है। हालांकि, नीतीश कुमार ने कभी भी निशांत के राजनीति में आने की बात नहीं कही है।
यह भी पढ़ें: 'रवि किशन तो कहीं भी नाच-गाकर कमा लेंगे', सीएम ने सांसद पर क्यों ली चुटकी?
क्या बोले रहे JDU नेता?
अब निशांत कुमार का जिक्र करते हुए जेडीयू के नेता श्रवण कुमार ने कहा है, 'होली के अवसर पर एक बात मैं कहना चाहता हूं कि जिसकी चर्चा राज्य भर में लंबे अरसे से हो रही है, निशांत कुमार की चर्चा हो रही है। इस अवसर पर मैं आप लोगों को बताना चाहता हूं कि निशांत जी की राजनीति में एंट्री बहुत जल्द होने वाली है। बहुत सक्रिय राजनीति में उनकी एंट्री होगी। होली के अवसर पर यह राज्य वासियों और युवाओं के लिए यह होली गिफ्ट है। हमारे सभी नेता तय करेंगे कि निशांत की भूमिका क्या होगी। मैं इतना कह सकता हूं कि उनका राजनीति में आना तय है और बस औपचारिक एलान बाकी है।'
निशांत कुमार की तारीफ करते हुए बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा है, 'हम तो बहुत लंबे समय से यह कह ही रहे हैं। यह जेडीयू फैमिली के लिए एक बड़ा होली गिफ्ट है। जो भी रोल उन्हें मिले लेकिन उन्हें सक्रिय राजनीति में होना चाहिए। वह पढ़े-लिखे इंजीनियर है, नीतीश जी का सान्निध्य उन्हें है। वह नीतीश जी के असली फोटोकॉपी हैं। शालीनता की बात हो या फिर बॉडी लैंग्वेज हो, वह नीतीश जी की कॉपी हैं। पार्टी के कार्यकर्ताओं की मांग पर वह आ रहे हैं, नीतीश जी पर इसके लिए बहुत दबाव था। हम भी इसी वजह से बोलते थे।'
यह भी पढ़ें: 'बंगाल में BJP आई तो इस्लामपुर होगा ईश्वरपुर', नितिन नवीन ने भरी हुंकार
ऐसे ही संकेत जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने भी दिए हैं। उनका कहना है, 'वह संस्कारी हैं और राजनीतिक जीवन के लिए फिट हैं, उन्हें राजनीति में आना ही चाहिए। हमारी पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, विजय चौधरी और श्रवण कुमार ने पहले ही कहा है। हमारी तो उम्मीद है कि ऐसे लोग राजनीति में आएं। राज्यसभा कौन जाएगा यह तो पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा लेकिन पात्रता पर कोई सवाल कर सकता है क्या?'
