कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने एक बार फिर से राज्य में विपक्षी खेमें में बेचैनी पैदा कर दी है। उन्होंने रविवार को दावा किया है कि बीजेपी और JD(S) के कई नेता कांग्रेस में शामिल होने के लिए तैयार हैं और इसके बारे में बातचीत कर रहे हैं। सीएम के इस बयान से पहले बीजेपी के पूर्व विधायक एनएल नरेंद्र बाबू भगवा पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
मुख्यमंत्री शिवकुमार ने यह दावा ऐसे समय में किया है जब नरेंद्र बाबू और उनके कई समर्थकों को उन्होंने बेंगलुरु में प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस में शामिल करवाया। डीके शिवकुमार ने कहा, 'कई नेता मेरे और हमारी पार्टी नेतृत्व के संपर्क में हैं। हम उन्हें शामिल करेंगे और साथ मिलकर काम करेंगे।'
यह भी पढ़ें: बंगाल की तर्ज पर पंजाब में BJP की 117 सीटों पर यात्रा, गुटबाजी में अटकी कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं को मिला टास्क
उन्होंने कहा कि जिला मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों से ऐसे नेताओं की पहचान करने को कहा गया है जो कांग्रेस की विचारधारा और शीर्ष नेतृत्व में विश्वास करते हैं।
10 साल बीजेपी में रहने के बाद इस्तीफा
राजाजीनगर और महालक्ष्मी लेआउट के पूर्व विधायक नरेंद्र बाबू बीजेपी में लगभग 10 साल से थे। उन्होंने बीजेपी के ऊपर आरोप लगाते हुए इस्तीफा दिया कि संगठन के लिए उनके काम के बावजूद सीनियर नेताओं ने उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया। शिवकुमार ने कहा कि राज्य के युवा उम्मीद की तलाश में हैं। उन्होंने दावा किया कि देश को बचाने के लिए कांग्रेस के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार को लेकर कहा, 'बीजेपी को पिछले 13 सालों से मौका दिया जा रहा है। मुझे लगता है कि अब बहुत हो गया।'
यह भी पढ़ें: UP की दलित सियासत में रोहिणी की एंट्री, अखिलेश से मुलाकात के बाद बदलेंगे समीकरण?
DK ने कुमारस्वामी का उड़ाया मजाक
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने केंद्रीय मंत्री और कर्नाटक पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुमारस्वामी 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले अपनी पोजीशन मजबूत करने के लिए कर्नाटक बीजेपी अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र और विपक्ष के नेता आर अशोक को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
डीके शिवकुमार ने आगे कहा, 'अशोक और विजयेंद्र की कहानी जो भी हो, कुमारस्वामी यह देख रहे हैं कि क्या वह उन दोनों को नीचे लाकर अपने लिए कुछ हासिल कर सकते हैं।' उन्होंने दावा किया कि इसीलिए कुमारस्वामी बयान दे रहे थे और बार-बार बम गिराने की धमकी दे रहे थे।
