बिहार के बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के सबसे बड़े नेता प्रशांत किशोर ने बीजेपी को जोरदार झटका देते हुए उसकी पारंपरिक सीट जीत ली। प्रशांत किशोर ने बीजेपी को 19,246 वोटों के बड़े मार्जिन से हराया है। यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की रही है, जहां से वह लगातार पांच बार विधायक चुने गए थे। मगर प्रशांत ने बीजेपी का विजयी रथ रोक दिया है। उन्हें 63,946 वोट मिले हैं। बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार को महज 44,700 वोट ही हासिल हो सके। इस बीच बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी आरजेडी खिसककर तीसरे पायदान पर चली गई है।
आरजेडी उम्मीदवार रेखा कुमारी को 14,241 वोट ही मिल सके। पार्टी की इस हार से आरजेडी और लालू यादव परिवार में फूट पड़ गई है। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की दो बेटियों मीसा भारती और रोहिणी आचार्य ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
मीसा ने प्रशांत को बताया बीजेपी उम्मीदवार
आरजेडी की लोकसभा सांसद मीसा भारती ने प्रशांत किशोर की जीत को लेकर कहा कि बांकीपुर से वह जीत गए हैं और बीजेपी उम्मीदवार हार गए हैं। ऐसे में एक तरह से बीजेपी ही बांकीपुर से जीती है। उन्होंने कहा, 'बीजेपी उम्मीदवार हार गया है। लेकिन अगर प्रशांत किशोर वहां से जीते हैं, तो एक तरह से बीजेपी ही जीती है। देखिए वहां उम्मीदवार कैसे बदले गए। आखिर बीजेपी उम्मीदवार क्यों बदला गया?'
आरजेडी सांसद ने आगे कहा, 'ऐसा लगता है कि बीजेपी को शायद भरोसा नहीं था कि वह अपने दम पर जीत सकती है, इसीलिए प्रशांत किशोर को मैदान में उतारा गया। चुनावी कैंपेन के दौरान प्रशांत किशोर ने बांकीपुर के लोगों से कई वादे किए, इतने बड़े वादे कि उनमें से कई पूरे करना नामुमकिन लग रहा है।'
रोहिणी आचार्य ने आरजेडी पर उठाए सवाल
वहीं, मीसा भारती की बहन रोहिणी आचार्य ने आरजेडी और अपने परिवार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए प्रशांत किशोर को लड़ाका बताया है। रोहिणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि जीत उसकी जरूर होती है, जो लड़ता है।
उन्होंने लिखा, बांकीपुर उपचुनाव के नतीजे से ये फिर से साबित हो गया कि 'जीत उसकी जरूर होती है , जो लगातार लड़ता है , जनता से जिसका निरंतर जुड़ाव होता है, जो कार्यकर्ताओं और समर्थकों का सम्मान करता है और उनके साथ संपर्क और संवाद कायम रखता है।'
उन्होंने कहा कि यह जीत बीजेपी के विरोध और लोकतंत्र में जनता के विश्वास की जीत है एक विजेता को हार्दिक बधाई और जन-समर्पित कार्यकाल और भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं।
