केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नगर निगम मिली जीत के सहारे भविष्य की रूपरेखा खींचने की कोशिश की है। शुक्रवार को सरकारी कार्यक्रमों के बाद पीएम मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की एक रैली को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने तिरुवनंतपुरम में मिली जीत के लिए केरल की जनता को नमन किया। इसी के बाद उन्होंने कहा कि तिरुवनंतपुरम से बीजेपी की सरकार बनने की शुरुआत हो चुकी है और यह शहर एक आदर्श शहर बनेगा। उन्होंने 1987 में अहमदाबाद नगर निगम में मिली जीत का जिक्र करते हुए कहा कि तब से गुजरात के लोग आज तक बीजेपी को मौका देते आ रहे हैं। सबरीमाला मंदिर में सोना चोरी की खबरों के बारे में पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी की सरकार आएगी तो इसकी जांच कराई जाएगी और दोषी जेल भेजे जाएंगे।

 

तिरुवनंतपुरम में रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने याद दिलाया कि गुजरात में बीजेपी का में आना लगभग चार दशक पहले एक शहर में जीत हासिल करने से शुरू हुआ था। उन्होंने कहा कि केरल में भी ऐसा ही होगा। पीएम मोदी ने कहा कि 1987 से पहले बीजेपी गुजरात में हाशिए पर पड़ी एक पार्टी थी और उसे शायद ही कोई मीडिया कवरेज मिलती थी। पीएम मोदी ने दावा किया कि दशकों से एलडीएफ और यूडीएफ दोनों ने तिरुवनंतपुरम की उपेक्षा की है, जिससे यह शहर बुनियादी सुविधाओं से वंचित रह गया है।

 

यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में छोटे दलों को साथ लेकर कैसे आगे बढ़ रही है BJP?

 

लेफ्ट और कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘वामपंथी और कांग्रेसी लगातार हमारे लोगों की जरूरतों को पूरा करने में विफल रहे हैं। हालांकि, हमारी बीजेपी टीम ने तिरुवनंतपुरम के विकास की दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। शहर के लोगों से मैं कहना चाहता हूं- विश्वास रखें, जिस बदलाव की लंबे समय से प्रतीक्षा थी, वह आखिरकार आने वाला है। तिरुवनंतपुरम पूरे देश के लिए एक आदर्श शहर बनेगा। मैं तिरुवनंतपुरम को भारत के सर्वश्रेष्ठ शहरों में से एक बनाने के लिए अपना पूरा समर्थन देता हूं।’

1987 वाला कनेक्शन क्या है?

 

प्रधानमंत्री मोदी ने अहमदाबाद नगर निगम का जिक्र करते हुए कहा, 'साल 1987 में बीजेपी ने पहली बार अहमदाबाद नगर निगम में जीत हासिल की थी, ठीक उसी तरह जैसे पार्टी ने हाल ही में तिरुवनंतपुरम में जीत हासिल की है। तब से गुजरात की जनता ने हमें सेवा करने का अवसर सौंपा है और हम दशकों से ऐसा करते आ रहे हैं। हमारी यात्रा गुजरात के एक शहर से शुरू हुई थी और इसी तरह केरल में भी हमारी शुरुआत एक शहर से हुई है। मेरा मानना ​​है कि यह दर्शाता है कि केरल के लोग बीजेपी पर भरोसा जताने लगे हैं और उसी तरह हमसे जुड़ रहे हैं जैसे कभी गुजरात के लोग जुड़े थे।’

 

यह भी पढ़ें: लेफ्ट के खिलाफ है BJP, अब उसी CPM को NDA में शामिल होने का न्योता दे आए आठवले

 

 

उन्होंने कहा कि तिरुवनंतपुरम नगर निकाय में उनकी पार्टी की जीत केरल को वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के कथित भ्रष्ट शासन से मुक्त कराने के दृढ़ संकल्प की जीत है। हाल ही में हुए नगर निकाय चुनावों में तिरुवनंतपुरम में बीजेपी को जीत मिली और पहली बार वह अपना मेयर बनवाने में कामयाब रही।

 

अगर बात गुजरात करें तो गुजरात पर 1987 में पहली बार अहमदाबाद के नगर निगम में बीजेपी को जीत मिली थी। साल 1995 में पहली बार गुजरात में बीजेपी की सरकार बनी। एक साल में सरकार गिर गई और फिर शंकर सिंह वाघेला की राष्ट्रीय जनता की पार्टी की सरकार बन गई। उसके बाद जब 1998 में बीजेपी की सरकार बनी तब से लेकर अब तक गुजरात में बीजेपी की ही सरकार है और एक भी चुनाव में उसकी हार नहीं हुई है।

 

यह भी पढ़ें: लेफ्ट के खिलाफ है BJP, अब उसी CPM को NDA में शामिल होने का न्योता दे आए आठवले

सबरीमाला पर क्या गारंटी दे गए PM मोदी?

 

सबरीमाला के मुद्दे पर पीएम मोदी ने कहा, 'भगवान अयप्पा के प्रति पूरे देश के लोगों की, हम सबकी अगाध आस्था है लेकिन, LDF सरकार ने सबरीमाला मंदिर की परंपराओं को नुकसान पहुंचाने में कोई कमी नहीं छोड़ी है। अब यहां गोल्ड चोरी होने की खबरें आ रही हैं। मंदिर में से भगवान के पास से सोने की चोरी की खबरें हैं। मैं एक बात स्पष्ट कहना चाहता हूं कि यहां बीजेपी सरकार बनते ही, आरोपों की पूरी जांच होगी और दोषियों की जगह जेल में होगी। यह मोदी की गारंटी है।'