कांग्रेस नेता राहुल गांधी फिर से सुर्खियों में आ गए हैं, जहां उन्होंने बताया कि बीजेपी (BJP) में उनके फेवरेट नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह हैं। अब यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बन गया है। इससे पहले बीजेपी (BJP) नेता अमरिंदर सिंह ने राहुल गांधी की तारीफ की थी। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी, साथ ही रणधीर सिंह के निधन पर मैसेज करके शोक जताया था। कैप्टन अमरिंदर ने यह भी कहा था कि उनके भाई के निधन पर बीजेपी के किसी नेता ने अफसोस नहीं जताया था।

 

6 अगस्त को राहुल गांधी से एक लड़के ने सवाल किया था, जिसमें उनसे पूछा गया कि बीजेपी में उनका फेवरेट नेता कौन है। इस पर राहुल गांधी ने अमरिंदर सिंह का नाम लिया। इसके साथ ही राहुल गांधी ने अमरिंदर सिंह की तारीफ भी की। जानकारी के लिए बता दें कि अमरिंदर सिंह बीजेपी में शामिल होने से पहले लंबे समय तक कांग्रेस पार्टी में ही थे और पंजाब के मुख्यमंत्री भी बने।

 

यह भी पढ़ें: 'BJP से चुनाव लड़ने की गलती फिर नहीं करूंगी', किरण बेदी का चौंकाने वाला बयान

राहुल के फेवरेट नेता अमरिंदर

जब इंस्टाग्राम पर एक व्यक्ति ने राहुल गांधी से पूछा कि बीजेपी में आपके फेवरेट नेता कौन हैं, तो राहुल गांधी ने कहा, 'बीजेपी में मेरे फेवरेट नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह हैं। मैंने उनके साथ पहले काम भी किया है। वह बहुत कूल हैं। वह मिलिट्री हिस्ट्री के अच्छे जानकार हैं। इसलिए मुझे वह बेहद अच्छे लगते हैं।' वीडियो के आखिर में राहुल गांधी ने 'हेलो अंकल अमरिंदर' कहा था।

 

कांग्रेस के साथ थे अमरिंदर सिंह

अमरिंदर सिंह 1998 में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे। इसके बाद कांग्रेस पार्टी ने 1999 में अमरिंदर सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाया था। साल 2002 में पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी, जहां कैप्टन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री बनाया गया। कैप्टन अमरिंदर सिंह तीन बार पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'जरूरत पड़ी तो खुद लड़ूंगा चुनाव', जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर का ऐलान

 

साल 2021 में कांग्रेस ने उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटा दिया था। इसी से नाराज होकर दो महीने बाद ही कैप्टन अमरिंदर ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने नई पार्टी बनाई, जिसका नाम पंजाब लोक कांग्रेस था। 19 सितंबर 2022 को इस पार्टी का बीजेपी में विलय करके वह उसी में शामिल हो गए थे।

राहुल से Gen Z ने पूछे सवाल

इंस्टाग्राम पर राहुल गांधी लाइव आए थे, जहां उन्होंने 'आस्क मी एनीथिंग' सेशन शुरू किया था। इस दौरान युवाओं ने राहुल से कई सवाल पूछे। एक व्यक्ति ने राहुल से पूछा कि वह डॉग्स के बारे में क्या सोचते हैं, तो राहुल ने जवाब दिया कि जानवरों का भी धरती पर रहने का हक है। इसके साथ ही राहुल ने अपने डॉग 'नूरी' को भी दिखाया। इसके अलावा इंस्टाग्राम पर एक व्यक्ति ने राहुल गांधी से कहा, 'आप बैटमैन हो।' इस पर राहुल ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, 'मुझे और बैटमैन को कभी एक साथ नहीं देखा जा सकता।'