उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी अपने संगठन और चुनावी तैयारियों को धार देने में जुट गई है। शनिवार को कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि राजनीति में बात सीटों की संख्या की नहीं, बल्कि जीत की है। वहीं, पार्टी में शामिल हुए नए नेताओं को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी और बीजेपी उनके साथ अन्याय नहीं कर पाएगी।
समाजवादी पार्टी में शामिल होने वालों में अनिल कसाना, उत्पल राय, पूर्व मंत्री अवधेश चौहान, विनय प्रताप, वीरेंद्र, अदनान अशरफ खान और महेश कुमार बबलू शामिल हैं। नए नेताओं के पार्टी में आने के साथ अखिलेश ने संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने, मतदाता सूची में नाम बढ़वाने और चुनावी रणनीति पर भी जोर दिया।
कांग्रेस के साथ सीटों पर क्या बोले अखिलेश?
कांग्रेस के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव ने साफ किया कि चुनाव में सीटों की संख्या से ज्यादा जीत मायने रखती है। उनके बयान को गठबंधन की रणनीति और चुनावी तालमेल के नजरिये से देखा जा रहा है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष ने संकेत दिया कि चुनाव में लक्ष्य जीत हासिल करना है, न कि सीटों की संख्या को लेकर उलझना।
यह भी पढ़ें: PDA की काट या ठाकुरों की गोलबंदी? राजा भैया की रामकथा पर सियासी शोर
बीजेपी सत्ता से हटेगी तभी संकट दूर होगा
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि आज देश और प्रदेश के सामने सबसे बड़ा संकट बीजेपी है। जब बीजेपी सत्ता से हटेगी, तभी संकट दूर होगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी के लोगों को लग रहा है कि कमल मुरझा गया है, इसलिए अब वे राधे-राधे कहने लगे हैं।
समाजवादी पार्टी में शामिल हुए नेताओं को भरोसा दिलाते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी उनके साथ अन्याय नहीं कर सकती और समाजवादी पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। इस दौरान उन्होंने सरकार बनने पर अग्निवीर योजना खत्म करने का भी वादा किया। साथ ही पार्टी की वेबसाइट पर मिलने वाले सुझावों पर काम करने की बात कही।
10 साल से एक ही कुर्सी पर जमे अधिकारियों को हटाने की तैयारी
अखिलेश यादव ने प्रदेश की अफसरशाही पर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार में अधिकारी सत्ता के दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी पिछले 10 वर्षों से एक ही कुर्सी पर बैठे हैं, उन्हें हटाने के लिए सभी विधायकों के हस्ताक्षर से ज्ञापन दिया जाएगा।
बीजेपी की ओर से 1.27 करोड़ हिंदुओं के वोट कटने संबंधी बयान पर भी अखिलेश ने सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि बीजेपी को इतनी बड़ी संख्या में वोट कटने की जानकारी कहां से मिली थी? चुनाव आयोग के दबाव के बाद अब इस तरह के बयान सामने नहीं आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: UP चुनाव में BJP का गठबंधन गणित, योगी समेत 4 दिग्गज संभालेंगे सीटों की बातचीत
'लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा' का नारा, बूथ जीतने पर जोर
अखिलेश यादव ने इस मौके पर 'लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा' का नारा दिया और इससे जुड़ा नया वीडियो भी दिखाया। उन्होंने बूथ स्तर पर काम कर रहे नेताओं से मतदाता सूची में अधिक से अधिक लोगों के नाम जुड़वाने की अपील की। कहा कि बूथ जीतेंगे तभी सरकार बनेगी। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता चुनाव के लिए तैयार है और जिस दिन चुनाव घोषित होगा, बीजेपी चुनाव हार जाएगी।
बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए अखिलेश ने कहा कि उसकी ज्यादातर योजनाओं में भ्रष्टाचार हुआ है और बीजेपी भ्रष्टाचार की मास्टर है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि पीडीए अब केवल राजनीतिक नारा नहीं रह गया है, बल्कि भावनात्मक मुद्दा बन चुका है। नए नेताओं की एंट्री, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की अपील और बीजेपी पर हमले के बीच समाजवादी पार्टी ने 2027 के चुनाव को लेकर अपनी तैयारी तेज करने का संदेश दिया ह
