संसद के विशेष सत्र से पहले शरद पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। यह व्हिप शिरूर से लोकसभा सदस्य अमोल कोल्हे ने जारी किया है। इसमें पार्टी के सभी आठ सांसदों को 30 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 तक संसद के विशेष सत्र में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है। हालांकि व्हिप में सरकार के प्रस्ताव को समर्थन देने या परिसीमन बिल का जिक्र तक नहीं किया गया।

 

इस बीच मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के बाहर एनसीपी (SP) नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि परिसीमन बिल को समर्थन देने का निर्णय लिया गया है। शरद पवार के साथ हुई बातचीत पर नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा, 'यह चर्चा हमारी पार्टी के आधिकारिक रुख के बारे में नहीं थी। मुख्य बात यह थी कि परिसीमन की प्रक्रिया एक संवैधानिक आवश्यकता है। परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करने का निर्णय लिया गया है। हम निश्चित रूप से इसका समर्थन करेंगे।'

 

यह भी पढ़ें: महिला IAS को अश्लील मैसेज भेजने के आरोप में TVK MLA अरुल विग्नेश अरेस्ट

इंडिया ब्लॉक की बैठक से सुप्रिया ने बनाई दूरी

इस बीच पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने शनिवार को होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक से दूरी बना ली है। उन्होंने कहा कि पिता के अस्वस्थ होने के कारण वह मुंबई में रहेंगी। अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर बारामती से लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने लिखा, 'चूंकि बाबा अस्पताल में हैं, इसलिए मैं इस वीकेंड मुंबई में रहूंगी। मैं सेशन में शामिल होने के लिए सोमवार सुबह ही दिल्ली जाऊंगी।'

 

 

 

 

संसद के विशेष सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन विधेयक लाएगी। इसमें देशभर में लोकसभा की 50 फीसद सीटों को बढ़ाने का प्रस्ताव है। विपक्ष का इंडिया ब्लॉक परिसीमन विधेयक के खिलाफ है।

 

यह भी पढ़ें: राजा भैया का सियासी दांव, तीसरी सीट पर कुर्मी प्रत्याशी, NDA को चुनौती

गद्दारों में गिना जाएगा: संजय राउत

उधर, शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा कि परिसीमन का समर्थन करने वालों को 21वीं सदी के सबसे बड़े गद्दारों के रूप में याद किया जाएगा। आरोप लगाया कि यह विधेयक लोगों से उनकी शक्ति छीनने का हथियार है। देशभक्त और लोकतांत्रिक पार्टियों को इस विधेयक को खारिज कर देना चाहिए।

 

एक्स पर संजय राउत ने लिखा, 'परिसीमन देश के लोगों से उनकी शक्ति छीनने की भाजपा की साजिश है। इसका समर्थन करने वाला कोई भी व्यक्ति देश के लोगों के साथ विश्वासघात कर रहा है... उन्हें 21वीं सदी के सबसे बड़े गद्दारों के रूप में जाना जाएगा।'