अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर रविवार रात को गोलीबारी हुई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में हुई इस गोलीबारी में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और उनके ड्राइवर को चोट लगी है। इस तरह हुए हमले को लेकर अब राजनीति भी शुरू हो गई है। इस हमले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आने पर आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तंज कसा है। उन्होंने लिखा है कि इन लोगों ने देश के सबसे बड़े गैंगस्टर को अपना दामाद बनाया है और उसे अपराध करने की सहूलियत दी गई है। माना जा रहा है कि उनका इशारा गुजरात की साबरमती जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई की ओर है।

 

अरविंद केजरीवाल का यह पोस्ट उस वक्त आया है जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पंजाब के दौरे पर जाने वाले हैं। अमित शाह ने कहा है कि वह पंजाब के मानसा और संगरूर में जाकर उन परिवारों से मिलेंगे जिनके लोगों को नशे के खिलाफ लड़ने की वजह से मारा गया। इसी पर केजरीवाल ने लिखा है कि इनसे अपने राज्यों में कानून व्यवस्था नहीं संभल रही है और ये पंजाब आकर कानून व्यवस्था पर ज्ञान देंगे।

 

यह भी पढ़ें: सलमान से लेकर टाइगर श्रॉफ तक, इन स्टार्स पर दिन दहाड़े चलीं गोलियां

केजरीवाल ने क्या कहा?

अरविंद केजरीवाल ने अपने X पोस्ट में लिखा है, 'अपने राज्यों में इनसे कानून व्यवस्था संभलती नहीं। देश के सबसे बड़े गैंगस्टर को इन्होंने अपना दामाद बनाया हुआ है और उसे भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में अपराध करने की सारी सहूलियत दी हुई हैं।'

उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे को लेकर तंज कसते हुए कहा, 'और कल ये पंजाब आयेंगे कानून व्यवस्था पर ज्ञान देने। पंजाब के लोगों को पता है कि इन्हें वोट देना इनके दामाद को पंजाब में न्योता देने जैसा होगा।'

 

यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ से मिलने पहुंचे एकनाथ शिंदे, फायरिंग केस में अब तक क्या-क्या हुआ?

किसने ली जिम्मेदारी?

दरअसल, टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट वायरल है। अनिल पंडित अनमोल बिश्नोई नाम के फेसबुक अकाउंट पर की गई पोस्ट में लिखा गया, 'राम राम जी सभी भाइयों को, आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है। इसकी जिम्मेदारी मैं अनिल पंडित और हरमन संधू लेते हैं। इसको हमने फोन करके समझाया था पर इसको समझ नहीं आई इसलिए आज इसको बढ़िया तरह से समझा दिया और जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, अगला नंबर उसका होगा।'