भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने विपक्ष पर ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया है। बीजेपी का दावा है कि विपक्ष ने देश विरोधी प्रचार को हवा दी है और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने की कोशिश की है। BJP आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि विपक्ष के नेता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संसद में दिए बयान को जानबूझकर तोड़-मरोड़ रहे हैं। उन्होंने विपक्ष से बहादुर सैनिकों और देश से माफी मांगने की मांग की।
अमित मालवीय ने कहा कि विपक्ष गलत तरीके से यह प्रचार कर रहा है कि सरकार सैनिकों के बलिदान से इनकार कर रही है। उन्होंने कहा, 'विपक्ष को ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों और राष्ट्र से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने महीनों तक झूठी अफवाहें फैलाईं, शत्रुतापूर्ण प्रचार किया और रक्षा मंत्री के संसदीय बयान को तोड़-मरोड़कर यह आरोप लगाया कि सरकार सैनिकों के बलिदान से इनकार कर रही है।'
यह भी पढ़ें: 'वर्ल्ड ऑर्डर में कोई ऑर्डर नहीं, PAK में IT मतलब इंटरनेशनल टेररिज्म'- राजनाथ
अमित मालवीय, हेड, IT सेल, बीजेपी:-
वास्तव में रक्षा मंत्री का बयान सिर्फ भारत में पायलटों के मारे जाने वाली पूरी तरह झूठी अफवाह को खारिज करने के लिए दिया गया था। ऑपरेशन सिंदूर पूरी तरह सफल रहा, जिसमें 100 से अधिक आतंकवादी और पाकिस्तानी सैन्य कर्मी मार गिराए गए तथा पाकिस्तानी ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचाया गया।
अमित मालवीय ने कहा, 'सरकार ने शहीदों को राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर सम्मानित किया और उनके परिवारों को सभी सुविधाएं दीं, जबकि विपक्ष ने राजनीतिक लाभ के लिए शहीदों के बलिदान को हथियार बनाया। इतिहास यह याद रखेगा कि कौन सैनिकों के साथ खड़ा था और कौन उनके सम्मान को कलंकित करने वालों के साथ।'
राजनाथ सिंह ने संसद में क्या कहा था?
राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री:-
हमारे विपक्ष के लोग पूछते हैं कि हमारे कितने विमान गिरे। मुझे लगता है कि यह राष्ट्रीय जनभावनाओं का प्रतिनिधित्व नहीं करती है। उन्होंने कभी हमसे एक बार भी नहीं पूछा कि हमारी सेना ने दुश्मनों के कितने विमान मार गिराए। यदि उन्हें सवाल पूछना ही है तो यह कि क्या भारत ने आतंकी ठिकानों को तबाह किया। मैं विपक्ष के साथियों के कहना चाहता हूं, क्या ऑपरेशन सिंदूर सफल रहा, उसका उत्तर है हां। सवाल पूछिए कि क्या हमारे जवानों को कोई क्षति हुई है, उसका उत्तर है नहीं।
यह भी पढ़ें: 'अबकी बार अभूतपूर्व हमला करेंगे', राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को दी चेतावनी
बीजेपी की सफाई क्या है?
अमित मालवीय ने कहा कि राजनाथ सिंह का बयान सिर्फ उस गलत अफवाह को रोकने के लिए था जिसमें कहा जा रहा था कि भारत ने ऑपरेशन में अपने फाइटर पायलट खो दिए हैं। उन्होंने विपक्ष के इस रवैये को राजनीतिक साजिश बताया। मालवीय ने कहा कि एक वाक्य को संदर्भ से बाहर निकालकर नाराजगी पैदा करना साफ तौर पर राजनीतिक बेईमानी है।
रक्षा मंत्रालय ने क्या कहा है?
शनिवार को रक्षा मंत्रालय ने भी साफ किया कि ऑपरेशन सिंदूर में छह सैनिकों की शहादत छिपाई नहीं गई। मंत्रालय ने कहा कि ऑपरेशन रुकने के एक दिन बाद ही डीजीएमओ ने प्रेस ब्रीफिंग में सैनिकों और नागरिकों के नुकसान की जानकारी दी थी। 6 शहीदों को बाद में वीरता पुरस्कार भी दिए गए, जिसकी घोषणा 14 अगस्त 2025 को की गई। सेना ने सोशल मीडिया पर भी तुरंत श्रद्धांजलि दी। रक्षा मंत्रालय ने राजनाथ सिंह के बयान को गलत तरीके से पेश करने वाले पोस्टों को भ्रामक और गलत बताया। कांग्रेस ने सरकार पर छह सैनिकों की शहादत छिपाने और उन्हें सम्मान न देने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें: वंदे मातरम को किसने किनारे किया? राजनाथ बोले- राष्ट्र गीत को न्याय नहीं मिला
कांग्रेस ने क्या कहा था?
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने दावा किया कि राजनाथ सिंह या तो संसद को गुमराह कर रहे थे या उन्हें जानकारी ही नहीं थी। बीजेपी ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि इतिहास गवाह रहेगा कि कौन सैनिकों के साथ खड़ा था और कौन उनके सम्मान को कम करने की कोशिश कर रहा था।


