उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का मझौवा मठ चर्चा का केंद्र बन गया है, जहां 11 साल के शौर्य तिवारी को मठ के महंत की गद्दी दी गई। महंत बनाए जाने के बाद शौर्य तिवारी को नया नाम दिया गया, साथ ही उनका वैदिक रीति-रिवाजों से अभिषेक किया गया। शौर्य तिवारी के गुरु के अनुसार, महंत बनने के बावजूद शौर्य को धर्म की शिक्षा दी जाएगी। अभिषेक समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

 

बलिया के रेवती बस स्टैंड के पास स्थित मझौवा मठ एवं लक्ष्मी नारायण मंदिर में रविवार को शौर्य तिवारी का अभिषेक हुआ, जिसके बाद संतों ने उनका नाम बदलकर श्याम नारायण रामानुज वैष्णवोदास रखा। जानकारी के लिए बता दें कि 25 जून को मठ के पुराने महंत मकसुदनाचार्य का निधन हो गया था, तब से ही महंत की गद्दी खाली थी। अब सवाल उठता है कि क्या अब से शौर्य तिवारी ही मठ से जुड़े अहम फैसले लेंगे।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में दाखिल-खारिज नियम में क्या बदल गया है? पढ़ें हर सवाल का जवाब

क्या मठ की जिम्मेदारी संभालेंगे शौर्य?

मझौवा मठ के अभिषेक कार्यक्रम में कई लोग मौजूद थे, जहां कई रिपोर्टर्स भी शामिल हुए थे। रिपोर्टर्स ने जब शौर्य से सवाल किया कि क्या वह मठ की जिम्मेदारी संभाल पाएंगे, तो इसके जवाब में शौर्य ने कहा, 'जरूर, मैं संभाल पाऊंगा।' इसके बाद रिपोर्टर्स ने शौर्य से पूछा कि क्या वह जीवन में शादी नहीं करना चाहेंगे, तो शौर्य ने बेबाकी से जवाब दिया कि वह कभी शादी नहीं करना चाहेंगे।

 

शौर्य का यह जवाब वहां मौजूद लोगों को रोचक लगा। हालांकि, उनके गुरु बालक दास ने रिपोर्टर्स के सामने कहा कि शौर्य अभी बच्चे हैं। जब वह धर्म, संस्कृति और परंपराओं को पूरी तरह समझ लेंगे, तब वह मठ की पूरी जिम्मेदारी उठाएंगे। फिलहाल मठ संरक्षक मंडल मठ से जुड़े फैसले लेगा।

 

यह भी पढ़ें: क्या है गंज शाहिदा मस्जिद विवाद, जिसकी आंच पाकिस्तान तक पहुंच गई?

महंत बनने के बाद जारी रहेगी शिक्षा

 

शौर्य तिवारी के गुरु नारायण दास ने बताया कि शौर्य अभी कम उम्र के हैं, इस वजह से उन्हें धर्म और अध्यात्म की शिक्षा दी जाएगी, ताकि वह धर्म, परंपरा और संस्कृति को अच्छी तरह समझ सकें। शौर्य फिलहाल चौथी कक्षा में पढ़ते हैं।

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब अभिषेक हो रहा था तो शौर्य को पहले स्नान कराया गया। तब उन्होंने मासूम आवाज में कहा, "ठंडा पानी है, इसलिए अच्छा लग रहा है।" इसके बाद उन्होंने अपने परिवार से फोन पर पूछा कि घर कब जाएंगे।