हिंदू धर्म में छठ पूजा का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। इस साल भी दिवाली के बाद सभी लोग छठ पूजा का त्योहार मनाने में जुट गए हैं। 13 नवंबर से लेकर 16 नवंबर तक यह त्योहार मनाया जाएगा। इस पर्व में सूर्य देव और छठी मैया की उपासना की जाती है। छठ पूजा पर्व के दौरान सभी महिलाएं निर्जला व्रत रखेंगी। इसके साथ ही डूबते और उगते सूरज को अर्घ्य देंगी। कई लोगों को लगता है कि सिर्फ छठ पूजा में ही उगते और डूबते सूरज की आराधना की जाती है, जबकि हकीकत में ऐसा नहीं है। छठ पूजा के अलावा कुछ और ऐसे त्योहार हैं, जिनमें डूबते सूरज की पूजा की जाती है।
छठ पर्व की शुरुआत 13 नवंबर से होगी, जो 16 नवंबर को उगते सूरज को अर्घ्य देने के बाद समाप्त होगा। यह त्योहार खासतौर पर बिहार और झारखंड में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। धार्मिक जानकारों के अनुसार, इस व्रत को रखने वाली महिलाएं सूर्य देव से जो प्रार्थना करती हैं, वह पूरी हो जाती है। छठ पूजा के अलावा कुछ खास पर्वों में भी डूबते सूरज की पूजा की जाती है।
यह भी पढ़ें: 10 या 11 नवंबर, कब है भाई दूज? तारीख, कथा और भाई को तिलक लगाने का मुहूर्त जानिए
किन पर्वों में की जाती है सूर्य देव की पूजा?
पोंगल
यह त्योहार दक्षिण भारत के तमिलनाडु समेत कई राज्यों में मनाया जाता है। पोंगल चार दिन का त्योहार होता है। चार दिनों में अलग-अलग रस्में निभाकर लोग यह पर्व मनाते हैं। इस पर्व के दूसरे दिन सूर्य देव की आराधना की जाती है।
लोलार्क षष्ठी
इस त्योहार में भी सभी महिलाएं सूर्य देव की आराधना करती हैं। यह पर्व खासतौर पर वाराणसी में भाद्रपद के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन महिलाएं व्रत रखकर सूर्य देव से पुत्र प्राप्ति की प्रार्थना करती हैं।
यह भी पढ़ें: 10 नवंबर का राशिफल: गोवर्धन पूजा पर किन राशियों को मिलेगा श्रीकृष्ण का आशीर्वाद?
रथ सप्तमी
इस त्योहार को सूर्य जयंती और माघ सप्तमी के नाम से भी जाना जाता है। रथ सप्तमी का त्योहार माघ महीने के शुक्ल पक्ष के सातवें दिन मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन सूर्य देव सात घोड़ों के रथ पर सवार होकर प्रकट हुए थे।
किन पर्वों में की जाती है डूबते सूर्य की पूजा?
रविवार व्रत
कई लोग हर रविवार को व्रत रखते हैं, ताकि सूर्य देव का आशीर्वाद मिल सके। इस व्रत में भक्त न सिर्फ सूर्य देव की आराधना करते हैं, बल्कि उगते और डूबते सूर्य की भी आराधना करते हैं।
यह भी पढ़ें: दिवाली की तरह पारसी और यहूदी धर्म के कौन से त्योहार रोशनी से जगमगाते हैं?
चैत्र छठ
छठ पर्व सिर्फ दिवाली के बाद ही नहीं मनाया जाता है, बल्कि चैत्र महीने में भी छठ पर्व मनाया जाता है। इस दौरान भी छठी मैया और सूर्य देव की आराधना की जाती है। इन पर्वों के अलावा अन्य किसी त्योहार में डूबते सूरज की आराधना नहीं की जाती है।
नोट:यह लेख धार्मिक मान्यताओं और गणनाओं पर आधारित है। इसकी पुष्टि हम नहीं करते हैं।
