सनातन धर्म में कई ऐसे पर्व-त्योहार हैं, जब सभी लोग सूर्य देव की आराधना करते हैं। छठ पूजा, मकर संक्रांति और रथ सप्तमी जैसे त्योहारों में सभी भक्त सूर्य देव की आराधना करते हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि सिर्फ भारत ही एकमात्र देश नहीं है, जहां सूर्य देव की आराधना की जाती है, बल्कि कुछ अन्य देशों में भी ऐसी परंपरा थी, जहां सूर्य को देवता या दिव्य शक्ति माना जाता था।
हिंदू धर्म के अलावा मिस्र और चीन में कुछ ऐसे मंदिर हैं, जो इस बात की गवाही देते हैं कि सालों पहले वहां भी सूर्य देव की आराधना की जाती थी। हिंदू धर्म में माना जाता है कि सूर्य देव की वजह से यह धरती हमेशा रोशनी से भरी रहती है। सूर्य की रोशनी से लोगों के खेतों में फसलें उगती हैं। तभी हर व्यक्ति भोजन कर पाता है। इसी वजह से कई त्योहारों और पर्वों के जरिए लोग सूर्य देव का शुक्रिया अदा करते हैं। इस साल बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के लोग छठ महापर्व मनाएंगे, जिसमें सभी भक्त सूर्य देव की उपासना करते हुए 36 घंटे तक व्रत रखेंगे और सूर्य देव को अर्घ्य देंगे।
यह भी पढ़ें: कब मनाएं छठ पूजा पर्व? नहाय-खाय से लेकर ऊषा अर्घ्य की तारीख और महत्व जानिए
मिस्र के लोग मानते थे सूर्य को देवता
मिस्र में सदियों पहले लोग सूर्य को देवता मानते थे। लोग सूर्य देवता को रा या रे कहते थे, जिसका अर्थ है देवताओं का राजा। उस दौर में लोगों का मानना था कि सूर्य देव शक्ति और सुरक्षा का प्रतीक हैं। मिस्र के लोगों ने सूर्य देव को समर्पित विशाल इमारतें बनवाई थीं। मिस्र के लक्सर शहर में कर्नाक मंदिर है, जिसे लेकर माना जाता है कि यहां अमुन-रा यानी सूर्य देव की आराधना की जाती थी। जानकारी के लिए बता दें कि थेब्स के एक स्थानीय देवता का नाम अमुन था।
मिस्र के कुछ पुजारियों ने स्थानीय देवता अमुन और सूर्य देव रा के नाम को आपस में जोड़ दिया था। इसी वजह से कर्नाक मंदिर में अमुन-रा की आराधना की जाती थी। सदियों पहले मिस्र में सूर्य देव की आराधना की जाती थी। हालांकि, अब मिस्र के लोग सूर्य देव की आराधना नहीं करते, क्योंकि वहां लाखों लोग ईसाई धर्म को मानते हैं।
यह भी पढ़ें: केदारनाथ धाम के कपाट हुए बंद, अब कहां होगा केदार बाबा का दर्शन? जानिए
चीन में भी है सूर्य मंदिर
चीन की राजधानी बीजिंग में टेंपल ऑफ द सन नाम का सूर्य मंदिर है। इसे लगभग 1500 ईस्वी में बनवाया गया था। इस मंदिर में सूर्य देव के साथ घोड़े भी देखे जा सकते हैं। इससे पता चलता है कि चीन में भी सदियों पहले सूर्य देव की पूजा होती थी। हालांकि, चीन का यह मंदिर अब एक सार्वजनिक पार्क है, जहां अब पूजा नहीं की जाती है।
